राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के बीच राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने बड़ा निर्णय लिया है। बोर्ड ने चपरासी भर्ती परीक्षा में शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट को ऑनलाइन कर दिया। वहीं बोर्ड ने प्रश्न संख्या 108 के विकल्प को लेकर हुए विवाद के चलते फिर से विकल्प (D) को ही सही माना है, जिसके चलते दूसरी पारी का रिजल्ट दोबारा तैयार किया जाएगा। गुरुवार को बोर्ड ने चपरासी भर्ती में चयन की दौड़ में शामिल 1 लाख 41 हजार शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। अब अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर अपनी ओएमआर शीट न केवल देख सकते हैं, बल्कि एक महीने तक उसे डाउनलोड भी कर सकेंगे। चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि हाल ही में ओएमआर शीट को लेकर विवाद सामने आया था, जिसके चलते भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए थे। ऐसे में बोर्ड ने निर्णय लिया है कि भविष्य में सभी भर्ती परीक्षाओं की ओएमआर शीट ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। इसकी शुरुआत ग्रेड फोर्थ भर्ती परीक्षा से की गई है। अभ्यर्थियों को अपनी आंसर की खुद जांचने का मौका आलोक राज ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को अपनी ओएमआर शीट में किसी प्रकार की गड़बड़ी, छेड़छाड़ या आपत्ति नजर आती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। इससे अभ्यर्थियों को अपनी आंसर की खुद जांचने का अवसर मिलेगा और किसी भी तरह की शंका का समाधान समय रहते किया जा सकेगा। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अब तक पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षाओं का आयोजन करता आया है और आगे भी इसी सोच के साथ काम करेगा। ओएमआर शीट को सार्वजनिक करने का फैसला भर्ती प्रक्रिया में भरोसा बनाए रखने और पारदर्शिता को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। दूसरी पारी का रिजल्ट होगा रिवाइज बोर्ड ने दूसरी पारी के एक प्रश्न के उत्तर को दोबारा संशोधित करने का फैसला किया है। विवाद प्रश्न संख्या 108 को लेकर है, जिसमें बोर्ड ने प्रोविजनल आंसर की में विकल्प (D) को सही माना था, लेकिन फाइनल आंसर की में बिना किसी आपत्ति के उत्तर बदलकर विकल्प (B) कर दिया गया। अभ्यर्थियों के विरोध और तथ्यों की जांच के बाद अब बोर्ड ने फिर से विकल्प (D) को ही सही मानने का निर्णय लिया है, जिसके चलते दूसरी पारी का परीक्षा परिणाम दोबारा तैयार किया जाएगा। अध्यक्ष आलोक राज ने स्पष्ट किया कि उत्तर में बदलाव के कारण पूरी मेरिट लिस्ट रिवाइज की जाएगी। इसका सबसे ज्यादा असर बॉर्डर लाइन पर खड़े अभ्यर्थियों पर पड़ेगा। संशोधित परिणाम के बाद मौजूदा चयन सूची में शामिल कुछ अभ्यर्थी बाहर हो सकते हैं, जबकि नए अभ्यर्थियों को मेरिट में जगह मिल सकती है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/7uMGm5P
चपरासी भर्ती की दूसरी पारी का रिजल्ट फिर जारी होगा:एक सवाल के जवाब पर विवाद था; 1 लाख 41 हजार अभ्यर्थियों की OMR शीट ऑनलाइन
शुक्रवार, फ़रवरी 06, 2026
0


