डूंगरपुर में आपसी रंजिश के चलते हुई एक हत्या के मामले में शव का पोस्टमॉर्टम तीसरे दिन हो पाया। पुलिस की समझाइश और एक आरोपी को हिरासत में लिए जाने के बाद परिजन इसके लिए तैयार हुए। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बोरी गांव में यह घटना 7 अप्रैल को हुई थी। रेडा फला निवासी कल्पेश बरंडा अपने पिता दिनेश बरंडा और मौसी कोकिला के साथ बाइक से डूंगरपुर से घर लौट रहे थे। बोरी गांव के पास पहुंचते ही गांव के ही रवि, रोहित और नरेश ने घात लगाकर उन पर लाठियों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में पिता-पुत्र के सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना पर 108 एंबुलेंस के ईएमटी ताराचंद भोई और पायलट दीपक मेनात मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दिनेश बरंडा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल कल्पेश को रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया था, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे और पोस्टमॉर्टम नहीं करवा रहे थे। पुलिस ने लगातार दो दिनों तक परिजनों से समझाइश की। गुरुवार को पुलिस की समझाइश और एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/9MIGbVP
हत्या के बाद तीसरे दिन हुआ शव का पोस्टमॉर्टम:जमीन विवाद में घात लगाकर किया था हमला, एक आरोपी हिरासत में
गुरुवार, अप्रैल 09, 2026
0
Tags

