झालावाड़-कोटा के बीच एनएच-52 की अमझार पुलिया को असुरक्षित पाए जाने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह निर्णय सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता द्वारा कोटा जिला कलेक्टर को भेजे गए पत्र के आधार पर लिया गया है। मार्ग परिवर्तन के कारण झालावाड़ के खानपुर मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है। कोटा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुकने से सभी भारी वाहन अब जिले के खानपुर होकर गुजर रहे हैं। शनिवार को बाघेर घाटी के घुमाव क्षेत्र में टायर के चूरे से भरा एक ट्रक पलट गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। रविवार को क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा किया गया। ट्रक ड्राइवरों का कहना है कि मार्ग नया होने और अधिक घुमाव वाले क्षेत्रों के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इस मार्ग पर कई धार्मिक और पिकनिक स्थल होने से बड़ी संख्या में पर्यटक भी आते हैं। इससे यातायात का दबाव और अधिक बढ़ जाता है। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने जारी पत्र में पुल की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने कोटा हाईवे की अमझार पुलिया पर पुलिस जवान तैनात किए हैं। पुलिस भारी वाहनों को झालावाड़ की ओर डायवर्ट कर रही है। एट लेन की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी रोका जा रहा है। एसवीएनआईटी, सूरत के स्ट्रक्चरल और हाईवे इंजीनियरिंग विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट में बताया गया है कि पुराना पुल भारी वाहनों के लिए सुरक्षित नहीं है। विशेषज्ञों ने भारी वाहनों को अन्य मार्गों से मोड़ने और पुराने पुल को गिराकर आईआरसी और परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के नए मानदंडों के अनुसार नया पुल बनाने की सिफारिश की है। यह सुझाया गया रूट, जरूरत पर करे संपर्क झालावाड़ से कोटा आने वाले सुकेत, रामगंजमंडी, चेचट, रावतभाटा होते हुए कोटा आ सकते हैं। कोटा से झालावाड़ जाने वाले वाहन कोटा से बारां, बारां से बपावरकलां, बपावरकलां से खानपुर होते हुए झालावाड़ जा सकते हैं। दरा नाल में जाम के दौरान कोई बीमार व्यक्ति, एम्बुलेंस या जरूरतमंद व्यक्ति जाम में रुका हुआ है तो पुलिस कंट्रोल रूम कोटा ग्रामीण से मोबाइल नंबर 8764850778, 9530443888,07442350888 पर संपर्क कर सकते हैं।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/9CNnWV8
एनएच-52 की अमझार पुलिया असुरक्षित घोषित:भारी वाहनों का आवागमन रोका, खानपुर मार्ग पर जाम की स्थिति
सोमवार, अगस्त 11, 2025
0
Tags


