हनुमानगढ़ में शनिवार को भाई-बहन के आपसी स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मस्तक पर तिलक कर मिठाई खिलाई। भाइयों ने बहनों को उपहार और नकदी भेंट कर रक्षा का वचन दिया। सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गईं। कई परिवारों में बहनें भाइयों के घर गईं। वहीं कई भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे। यह क्रम सुबह से लेकर देर शाम तक चलता रहा। राज्य सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। इसके कारण बस अड्डों पर महिलाओं और लड़कियों की भारी भीड़ देखी गई। रविवार को भी बहनें रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। राखी और मिठाइयों की खरीदारी शुक्रवार देर रात तक होती रही। शनिवार सुबह फिर दुकानों पर भारी भीड़ लग गई। शहर के बस अड्डे से लेकर रेलवे स्टेशन तक लोगों का सैलाब उमड़ा हुआ था। लोग विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना करते नजर आए। पूजा के बाद बहनों ने भाई की आरती उतारी और कलाई पर राखी बांधी। कहीं रेशम की डोर से रिश्ता मजबूत हो रहा था, तो कहीं चांदी-मोती की सुनहरी राखियों के साथ जीवनभर रक्षा करने का वचन लिया गया। भाइयों के माथे पर तिलक सजा और आरती उतारी गई। इस अवसर पर जहां एक ओर बहनों का प्यार दिखा, वहीं दूसरी ओर भाई बहनों को उपहार देते नजर आए। पूरे शहर में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का जश्न मनाया गया। इससे पूर्व शुक्रवार देर शाम तक बहनें एक ओर जहां रक्षाबंधन की तैयारियों में जुटी रहीं। वहीं, दूसरी ओर भाई उपहार खरीदने में व्यस्त दिखे। सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की टीमें मुस्तैद रहीं।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/5IoYZFx
बहनों ने भाई की कलाई पर बांधी राखी:हनुमानगढ़ में उत्साह से मनाया रक्षाबंधन, भाइयों ने दिए उपहार
रविवार, अगस्त 10, 2025
0
Tags


