जयपुर में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा- इंडिया स्टोनमार्ट जैसे आयोजन राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री को वैश्विक मंच देते हैं। उन्होंने कहा- प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राजस्थान, नवाचार, तकनीक और सस्टेनेबिलिटी के माध्यम से स्टोन सेक्टर में विश्व नेतृत्व की क्षमता रखता है। ऐसे आयोजन रोजगार सृजन और निर्यात को नई दिशा देते हैं। सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में इंडिया स्टोन मार्ट 2026 प्रदर्शनी का समापन हुआ। कार्यक्रम सीडॉस, लघु उद्योग भारती और रीको के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के समापन समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मौजूद रहे। समारोह के दौरान देश-विदेश से आए लोगों ने प्रस्तुत नई तकनीकों, आधुनिक मशीनरी, स्टोन उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर राज्यपाल ने विभिन्न श्रेणियों में कुल 36 श्रेष्ठ स्टॉलों, हस्तशिल्प कलाकारों और संस्थानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। श्रेष्ठ स्टॉल पुरस्कार के विजेताओं को मिला सम्मान पुरस्कार वितरण समारोह में 'श्रेष्ठ ओवर ऑल डिस्प्ले' के लिए सुजुकी इंडिया को सम्मानित किया गया। इंडोर स्टोन डिस्प्ले श्रेणी में आरएसजी स्टोन एवं एयूएम इंडस्ट्री, जबकि स्टोन आर्ट प्रोडक्ट्स श्रेणी में इंडिया स्टोन आर्ट्स और मित्तल आर्ट एंड एक्सपोर्ट को पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा पारंपरिक एवं आधुनिक स्टोन हस्तशिल्प श्रेणी में नवीन शर्मा, राजेश कुमार शर्मा, गोपाली एवं बनवारी लाल सैनी सहित कई कलाकारों को पुरस्कार दिए गए। राज्य पवेलियन श्रेणी में गुजरात को प्रथम तथा ओडिशा को द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं सरकारी श्रेणी में डिपार्टमेंट ऑफ माइंस एंड पेट्रोलियम, गवमेंट ऑफ राजस्थान को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, एसीएस उद्योग शिखर अग्रवाल और RIICO एमडी शिवांगी स्वर्णकार, कार्यक्रम संयोजक नटवर लाल अजमेरा, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव लघु उद्योग भारती नरेश पारीक मौजूद रहे। आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा- इंडिया स्टोन मार्ट 2026 ने राजस्थान की औद्योगिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और सुदृढ़ किया है। उन्होंने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी उद्यमियों, आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने कहा- राज्य सरकार स्टोन इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नीति समर्थन, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और निवेश प्रोत्साहन पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने इंडिया स्टोन मार्ट 2026 को उद्योग और सरकार के बीच सशक्त संवाद का मंच बताया। लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा- स्टोन सेक्टर में लघु उद्योगों की भागीदारी भारत की आर्थिक मजबूती का आधार है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/sS4rDq3
राज्यपाल बोले- प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राजस्थान:इंडिया स्टोन मार्ट में श्रेष्ठ स्टॉल-हस्तशिल्प कलाकारों को किया सम्मानित
सोमवार, फ़रवरी 09, 2026
0
Tags


