जैसलमेर शहर में शादी से एक महीने पहले युवती ने सुसाइड कर जान दे दी। घटना के वक्त 25 साल की रेखा घर में अकेली थी। घटना शहर के आरपी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर तीन बजे की है। बताया जा रहा है कि रेखा की 15 दिन पहले ही गुजरात में सगाई हुई थी। अप्रैल महीने में ही रेखा की शादी थी। शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया- मृतका का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच कर रहे हैं। परिजनों के घर लौटते ही खुला मौत का राज शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ ने बताया घटना के वक्त रेखा घर में अकेली थी। रेखा के पिता का किराणा का बिजनेस है। घटना के वक्त रेखा के दोनों भाई अपनी दुकान पर गए हुए थे। जबकि उसके माता-पिता किसी काम से बाड़मेर गए थे। दोपहर में जब माता-पिता बाड़मेर से वापस घर लौटे, तो उन्हें घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और फोन करने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़ा तो फंदे से लटकी मिली रेखा आस-पड़ोस के लोगों की मदद से जब घर का दरवाजा तोड़ा। जब वे अंदर गए तो रेखा कमरे में पंखे के हुक से रस्सी के फंदे पर लटकी हुई मिली। आनन-फानन में पड़ोसियों के सहयोग से शव को नीचे उतारा गया और तुरंत जवाहिर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 19 अप्रैल को होनी थी शादी पुलिस के अनुसार हाल ही में 15 दिन पहले रेखा की सगाई गुजरात के धानेरा में तय हुई थी। आगामी 19 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी और घर में विवाह की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अचानक हुई इस घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने बताया कि अभी तक सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इसके साथ ही कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/LcUlBit
शादी से एक महीने पहले युवती ने किया सुसाइड:जैसलमेर की युवती की 15 दिन पहले गुजरात हुई थी सगाई; पंखे से फंदा बांधकर लटकी
शनिवार, मार्च 14, 2026
0


