मुंबई से जयपुर आ रही बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट ट्रेन में एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती अपने भाई के साथ सफर कर रही थी। वह नागदा स्टेशन के बाद अचानक ट्रेन से गायब हो गई। घटना के बाद कोटा जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार युवती की पहचान संध्या कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने भाई मनमोहन शर्मा के साथ मुंबई से जयपुर आ रही थी। दोनों 14 मार्च की शाम करीब 5 बजे बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस में सवार हुए थे और कोच S5 में सीट नंबर 12 और 16 पर बैठे थे। भाई मनमोहन के अनुसार- रात करीब सवा 3 बजे नागदा स्टेशन तक उसकी बहन से बात हुई थी, इसके बाद वह सो गया। सुबह जब कोटा के पास उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि बहन सीट पर नहीं थी। उसे लगा कि वह बाथरूम गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आई। इसी दौरान ट्रेन सवाई माधोपुर स्टेशन पहुंच गई, तब भी बहन का कोई पता नहीं चला। उसने फोन किया तो मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। सीट पर ही मिला बहन का बैग-ज्वेलरी भाई ने बताया- सीट पर बहन का बैग, ज्वेलरी और शॉपिंग का सामान रखा हुआ था। यहां तक कि उसकी चप्पल भी सीट के नीचे पड़ी थी। कोच में बैठी अन्य महिलाओं ने बताया- सुबह करीब 4 बजे तक संध्या उनसे बात कर रही थी। इसके बाद क्या हुआ, किसी को पता नहीं चला। जयपुर पहुंचने पर युवक ने परिजनों को सूचना दी। वहीं कोटा पहुंच कर जीआरपी से संपर्क किया। मनमोहन ने बताया- 19 अप्रैल को मेरी और 25 अप्रैल को बहन संध्या की शादी है। 2 महीने पहले ही संध्या आई थी। शादी की शॉपिंग और ज्वेलरी बनाने के लिए और अचानक रात में यह घटना हो गई। जीआरपी डीएसपी शकील खान ने बताया- मामला दर्ज कर लिया गया है। ट्रेन के रूट के सभी स्टेशनों पर सूचना भेजी गई है। नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, निवाई सभी जगह सीसीटीवी चेक करवाए जाएंगे। जीआरपी पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/tuQgwao
मुंबई-जयपुर ट्रेन में भाई के साथ आ रही युवती लापता:नागदा स्टेशन तक कोच में थी मौजूद; 19 अप्रैल की शादी, शॉपिंग कर लौट रही थी
सोमवार, मार्च 16, 2026
0
Tags


