जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित क्रिकेट अकादमी में शनिवार शाम तीन दिवसीय मैत्री क्रिकेट मैच की शुरुआत रोमांचक अंदाज में हुई। पहले मुकाबले में विधायक एकादश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पत्रकार एकादश-ए को 90 रन से हरा दिया। मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जमकर चौके-छक्कों की बरसात की और दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। विधायक एकादश की ओर से अशोक चांदना और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने धमाकेदार पारियां खेलीं। पूर्व खेल मंत्री अशोक चांदना ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 41 गेंदों में 161 रन बनाए। उनकी पारी में 18 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। वहीं वर्तमान खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 133 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 15 चौके शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों की बदौलत विधायक एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 323 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना पत्रकार एकादश-ए के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। लक्ष्य का पीछा करते हुए पत्रकार एकादश-ए की ओर से मनीष भट्टाचार्य ने शानदार पारी खेलते हुए 180 रन बनाए। उनकी पारी में 15 छक्के और 20 चौके शामिल रहे। हालांकि उनकी शानदार बल्लेबाजी के बावजूद टीम निर्धारित ओवरों में 234 रन ही बना सकी और मुकाबला 90 रन से हार गई। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए अशोक चांदना, कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और मनीष भट्टाचार्य को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। विजेताओं को पुरस्कार अविनाश गहलोत और सुमित गोदारा ने प्रदान किए। बता दें कि मैत्री क्रिकेट श्रृंखला के तहत यह तीन दिवसीय आयोजन है, जिसमें विभिन्न वर्गों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/aEsYUIb
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और अशोक चांदना की तूफानी पारियां:विधायक एकादश ने पत्रकार एकादश-ए को 90 रन से हराया, मनीष भट्टाचार्य ने बनाए 180 रन
रविवार, मार्च 08, 2026
0


