जयपुर में नगर निगम अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान शुरू करेगा। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की अगुवाई में 18 अप्रैल को सफाई सेवा मैराथन-2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक शहर के 13 जोन और 150 वार्डों में एक साथ सफाई अभियान चलाया जाएगा। खास बात यह है कि इस दौरान निगम अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह फील्ड में रहकर काम करेंगे। इस महाअभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को निगम मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मोटिवेट किया। कसेरा ने बताया- यह केवल प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा बड़ा आंदोलन होगा। इसका उद्देश्य स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर के संकल्प को साकार करना है। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर अधिकारियों को मिलेगा सम्मान नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया- अभियान के लिए सीएसआई (स्वच्छता निरीक्षक) की रैंकिंग तय की जाएगी। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और उनकी टीम को सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान पर आने वाले सीएसआई को 21 हजार रुपए, उनकी टीम के एसआई को 11 हजार रुपए और प्रत्येक जमादार को 1100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी तरह द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को भी इसी क्रम में 11 हजार और 5100 रुपए तक की राशि दी जाएगी। यह प्रोत्साहन राशि सीएसआर के तहत राजस्थान सोलर एसोसिएशन द्वारा दी जाएगी। साथ ही अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को स्वच्छता हीरो और स्टार ऑफ नगर निगम के रूप में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उनकी फोटो एक महीने तक निगम में प्रदर्शित की जाएगी, ताकि अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिल सके। जयपुर को स्वच्छता में नई पहचान दिलाएगा अभियान आयुक्त ओम कसेरा ने कहा- यह अभियान शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा और जयपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा- निगम की पूरी टीम इस अभियान को सफल बनाने के लिए जुट गई है। ऐसे में आमजन की भागीदारी से इसे जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/Gd9scAI
स्वच्छ जयपुर के लिए पहली बार एक साथ होगी सफाई:18 अप्रैल को होगी सफाई सेवा मैराथन, निगम अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे फील्ड में; बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगा इनाम
गुरुवार, अप्रैल 16, 2026
0
Tags

