प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर सेवरा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर इतनी जोरदार कि युवक दूर जा गिरे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक से करीब 30 फीट दूर जा गिरे। हादसे में युवकों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे की जानकारी मिलते ही धमोतर थाना पुलिस और एंबुलेंस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। धमोतर थानाधिकारी घीसू लाल ने बताया कि हादसे में युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। मोबाइल और बाइक के आधार पर हो रही शिनाख्त पुलिस घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन और बाइक के दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों के अनुसार परिजनों से संपर्क करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/G5xa0S1
ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत:30 फीट दूर उछल कर गिरे, सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान, किसी की भी नहीं हो पाई पहचान
रविवार, मई 17, 2026
0

