नौतपा की भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच गायों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में विशेष शीतल जल फुहार (स्प्रिंकलर) व्यवस्था शुरू की गई है। इस व्यवस्था से गायों को लू, हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। अखिल भारतीय गोशाला सहयोग परिषद की अंतरराष्ट्रीय सह-संयोजक मोनिका गुप्ता और अंतरराष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता के निर्देशन और सहयोग से यह सेवा कार्य शुरू किया गया। परिषद की ओर से बताया गया कि यह संपूर्ण सेवा कार्य गौमाता और काल भैरव भगवान की प्रेरणा और कृपा से निरंतर संचालित किया जा रहा है। गायों को भीषण गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाते हुए उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ एवं शीतल वातावरण उपलब्ध कराना है। गौशाला परिसर में लगाए गए स्प्रिंकलर सिस्टम के माध्यम से समय-समय पर शीतल जल फुहार छोड़ी जा रही है, जिससे पशुओं को गर्मी से राहत मिल रही है। इस अवसर पर डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा- गौ-सेवा केवल चारा और पानी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर मौसम में गौमाताओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और संरक्षण सुनिश्चित करना भी समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब सेवा संवेदनशीलता और समर्पण भाव से की जाती है, तभी वास्तविक गौसेवा सार्थक होती है। अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद प्रदेश की जरूरतमंद गौशालाओं में भी इस प्रकार की आधुनिक एवं उपयोगी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाएगी, ताकि भीषण गर्मी में अधिक से अधिक गौ-माताओं को राहत मिल सके। विशेषज्ञों के अनुसार, शीतल जल फुहार व्यवस्था से गौमाताओं को लू और डिहाइड्रेशन से राहत मिलती है, शरीर का तापमान संतुलित रहता है तथा पशुओं के स्वास्थ्य और सक्रियता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/dgYMRi5
पिंजरापोल गौशाला में शुरू हुई जल फुहार व्यवस्था:स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया; नौतपा की भीषण गर्मी में गायों को मिलेगी राहत
शुक्रवार, मई 29, 2026
0
Tags

