हनुमानगढ़ के रावतसर में कार को रोककर युवक से मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हरियासर निवासी राजेंद्र सिंह ने रावतसर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। घटना से जुड़ा मारपीट का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। शिकायत के अनुसार यह घटना एक पुराने विवाद में राजीनामा करने के लिए पहुंचे कुछ लोगों के साथ हुई। राजेंद्र सिंह के भाई अनार सिंह की रावतसर से रतनगढ़ के बीच बस चलती है। आरोप है कि 14 अगस्त को इसी बस के कंडक्टर सुरेंद्र सिंह के साथ कुछ लोगों ने धारदार हथियारों और सरियों से मारपीट की थी, जिसकी रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह ने रावतसर थाने में दर्ज कराई थी। इसी पुराने मामले में राजीनामा करने के लिए अनार सिंह, विक्रम सिंह, नागेंद्र सिंह, राजू सिंह और रतन सिंह सहित अन्य लोग एक किराए की कार से रावतसर पहुंचे थे। खोडा मोड़ के पास राजीनामे को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान राजेंद्र सिंह भी बस से वहां पहुंचे। राजेंद्र सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सूर्य प्रताप ने हाथ देकर बस को रुकवाया। इसके बाद भवानी सिंह, शक्ति सिंह, कालू स्वामी, डालवान निवासी अंकित और सूर्य प्रताप सहित अन्य लोग बस की ओर दौड़े। आरोप है कि हमलावर लाठियों और धारदार हथियारों से लैस थे। बताया गया कि एक ट्रेलर बीच में आ जाने के कारण आरोपी बस तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद उन्होंने कार में बैठे अनार सिंह को निशाना बनाया। आरोप है कि हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ की और अनार सिंह के साथ मारपीट की। शक्ति सिंह पर बस को कार पर चढ़ाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक अनार सिंह को गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार लोगों पर पत्थर फेंकने का आरोप भी लगाया गया है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/bhk7PR5
रावतसर में कार सवार युवक पर हमला, VIDEO:पुराने विवाद में राजीनामा करने आया था, लाठियों-सरियों से पीटा; तोड़फोड़
रविवार, अगस्त 16, 2026
0
Tags

