डीडवाना-कुचामन जिले की 9 पंचायत समितियों की 298 ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पद के लिए आरक्षण लॉटरी गुरुवार को निकाली गई। इसमें डीडवाना की 47 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा के निर्देश पर उपखंड अधिकारी कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान डीडवाना, लाडनूं, कुचामन, मकराना, परबतसर, मौलासर, नावां, इटावा-बामणिया और पीलवा पंचायत समितियों की 298 ग्राम पंचायतों का आरक्षण तय किया गया। इसमें ओबीसी, एससी और महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित की गईं। आरक्षण लॉटरी के बाद कई संभावित उम्मीदवारों की चुनावी तैयारियों और राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आया है। कुछ नेताओं की उम्मीदें खत्म हो गईं, तो कुछ को नई उम्मीद मिली। जिन पंचायतों में आरक्षण नहीं आया, वहां सामान्य वर्ग के उम्मीदवार सक्रिय हो गए हैं। वहीं, आरक्षित पंचायतों में नए दावेदारों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीणा ने बताया कि पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि कल जिला परिषद और पंचायत समितियों में आरक्षण तय किया गया था। आज ग्राम पंचायतों और उनके वार्डों का आरक्षण तय किया गया है। चुनाव की तैयारियों के तहत रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। चुनाव की घोषणा और आचार संहिता लागू होने के बाद मतदान दलों का गठन कर उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी। जिला प्रशासन सभी पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/mfwRp4C
डीडवाना-कुचामन में सरपंच-पंच पद आरक्षण लॉटरी निकाली:298 ग्राम पंचायतों में आरक्षण तय, कई दावेदारों की उम्मीदें बदलीं
शुक्रवार, सितंबर 25, 2026
0
Tags
