राजस्थान की आंगनबाड़ियों को बच्चों, अभिभावकों और समुदाय से जोड़ने के लिए 25 सितंबर से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। यह कार्यक्रम 7 अक्टूबर तक प्रदेशभर की सभी आंगनबाड़ियों में आयोजित होगा। इसमें बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके रचनात्मक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और सहयोगिनियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ बच्चों के लिए खेलकूद, चित्रकला और अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी कराई जाएगी। सचिवालय में मंगलवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी की अध्यक्षता में हुई महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। दीया कुमारी ने अधिकारियों से प्रदेश की सभी आंगनबाड़ियों में कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से आयोजित करने की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पोषण और स्वास्थ्य पर होगा विशेष संवाद ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को प्रमुख विषय के रूप में शामिल किया गया है। इसके लिए ऐसे लोगों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा, जिन्होंने बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। इनके अनुभव और प्रयासों को आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को लेकर अभिभावकों और समुदाय में जागरूकता बढ़े। कार्यक्रम में केवल बच्चों के लिए मनोरंजन गतिविधियां ही नहीं होंगी, बल्कि उनके सीखने और रचनात्मक विकास पर भी जोर रहेगा। चित्रकला, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के जरिए बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने की योजना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और सहयोगिनियों का सम्मान भी किया जाएगा। ये कार्यकर्ता बच्चों और परिवारों के साथ सीधे जुड़े रहते हैं और पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के जरिए उनके काम और योगदान को भी पहचान देने की तैयारी है। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की एक खास पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुभकामना संदेश भी प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ बच्चों द्वारा तैयार की गई पुस्तक तथा बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर प्रधानमंत्री के विचारों को भी आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाने की योजना है। इसका उद्देश्य बच्चों और उनके परिवारों को शिक्षा, विकास और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम की तिथियां तय करने के साथ महिला मोर्चा के साथ समन्वय किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों और प्रगति को लेकर समय-समय पर बैठकें कर फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग राज्यमंत्री मंजू बाघमार, विभाग की सचिव पूनम और निदेशक वासुदेव मालावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/w7uKmDN
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स और सहयोगिनियों का होगा सम्मान:हर आंगनबाड़ी में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, दीया कुमारी ने तैयारियों पर की चर्चा
बुधवार, सितंबर 16, 2026
0
Tags

