नमस्कार, बती देवी ने घूंघट निकालकर प्रशासन की बत्ती बुझा दी। तीन बार पर्चा भरा और प्रधान बन गईं। भाजपा के सदस्य का कांग्रेस से पर्चा भराने ले जा रहे विधायकजी थानेदार से भिड़ गए और बहुमत न होने पर बहू को जिला प्रमुख बनाने लायक मत दिलाने वाले राठौड़जी का जादू डिकोड हो गया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. घूंघट के आगे प्रशासन की ‘बत्ती गुल’ मशहूर गीतकार समीर ने 1993 में फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ में गीत लिखा था। गीत का मुखड़ा था- घूंघट की आड़ से दिलबर का दीदार अधूरा रहता है.. डीग की बृजनगर पंचायत समिति के प्रधान के लिए घूंघट में खेला हो गया। यहां बती कुमारी ने पहले कांग्रेस से पर्चा भरा। कांग्रेस के पूर्व विधायक वाजिब अली पर्दानशीन बती कुमारी को लेकर आए और कांग्रेस की ओर से पर्चा दाखिल कराया। इसके बाद बती कुमारी ने कपड़े बदल लिए। सलवार सूट और चेहरे को ओढ़नी से ढककर दोबारा प्रशासन के समक्ष हाजिर हो गईं। प्रधान का पर्चा भरने। इस बार वे बीजेपी की ओर से पर्चा भरने आई थीं। खुद गृह राज्य मंत्री उन्हें लेकर आए थे। अधिकारी ने कहा- घूंघट जरा ऊपर कर लो। बती देवी ने घूंघट छूकर रस्म अदायगी की, लेकिन चेहरा नहीं दिखाया। मंत्रीजी ने कहा- हो गया, हो गया। पर्चा ले लो। बती कुमारी ने निर्दलीय भी पर्चा भर दिया। प्रशासन को घूंघट की आड़ से उम्मीदवार का दीदार अधूरा रहा। ऐसे में तीन बार पर्चा भरा गया। कुछ देर में प्रधान का फैसला हो गया। बती देवी निर्विरोध प्रधान चुन ली गईं। जीत के बाद कार में भी वे घूंघट ओढ़े हुए थीं। बाहर समर्थक जमकर ढोल बजा रहे थे। 2. थानेदार से भिड़ गए विधायकजी बूंदी के नैनवां में खबर उड़ी कि बीजेपी पंचायत समिति के सदस्य राजाराम मीणा किडनैप हो गए। जीतने के बाद सदस्य महोदय का कहीं कुछ पता नहीं। किडनैप का हल्ला मचा तो भाईसाहब ने टोपी लगाकर वीडियो बनाया। उन्होंने पर्ची पढ़कर कहा- ‘मैं राजाराम अपने निजी काम से बाहर आया हूं। किसी ने मेरा अपहरण नहीं किया है। पुलिस से मेरा निवेदन है कि मेरे परिवार को परेशान न किया जाए। कल मैं नैनवां आकर समय पर मतदान कर दूंगा।’ बीजेपी वाले समझ गए कि सदस्य ने पार्टी को टोपी पहना दी है। लेकिन अब करें क्या? यूं तो प्रदेश की पुलिस विविध भांति से राजनीति की मदद करती है। लेकिन कोई आधार तो होना चाहिए। जब राजाराम खुद कह रहा है कि उसका किडनैप हुआ ही नहीं तो दबिश कैसे और कहां दें? खेला तब समझ आया, जब प्रधान का वोट डालने भाजपा सदस्य कांग्रेस विधायक अशोक चांदना के साथ पहुंचे। तब गुत्थी सुलझी कि पूर्व खेल मंत्री और पोलो खिलाड़ी अशोक चांदना ही हैं जो बीजेपी के हॉर्स की राइडिंग कर रहे हैं। चांदना कार से प्रशासनिक भवन के परिसर में जाना चाहते थे, लेकिन वहां तैनात थे थाना इंचार्ज सहदेव सिंह। इंचार्ज ने चांदना की कार को रोक लिया। इसके बाद विधायकजी आपे से बाहर हो गए। थानेदार से जमकर तू-तड़ाक हो गई। कैसे रोका-कैसे रोका करते-करते हप्प-हप्प करने लगे। बोले- तूने गाड़ी रोकी कैसे? आदेश कहां हैं? तू कानून से ऊपर है क्या? कानून से ऊपर? कानून..कानून। पहले तो थानेदार बैकफुट पर आए। फिर उनके भीतर सोयी हुई वर्दी जागी। बोले- आप कौन हो? डरा-धमका क्यों रहे हो? मैं डरने वाला नहीं हूं। एक मिनट में नौकरी छोड़ दूंगा। विधायकजी सकपकाए। बोले- तू कोई पहलवान है क्या? थानेदार ने उसी स्तर पर जवाब दिया- पहलवान तो आप भी नहीं हो। 3. राठौड़जी का जादू ‘डिकोड’ हो गया चूरू जिला परिषद में कुल सीट 39 हैं। कांग्रेस को 21 और भाजपा को 17 सीट मिलीं। एक सीट सीपीआईएम के खाते में गई। कांग्रेस को सीपीआईएम का भी समर्थन। कांग्रेस का बहुमत होने के बावजूद पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू और भाजपा उम्मीदवार कनिका सिंह राठौड़ को 22 वोट मिले और वे जिला प्रमुख बन गईं। 5 घोड़े स्लाइड करते हुए भाजपा के पाले में आ गए। कनिका सिंह ने इसे ससुरजी का जादू बताया था। अब यह जादू डिकोड करने के लिए सोशल मीडिया पर कंटेंट की बाढ़ आई हुई है। किसी ने एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में राजेंद्र राठौड़ और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा की मुलाकात हो रही है। मुलाकात क्या है, भरत मिलाप का सा दृश्य है। दोनों की बांछें और बाहें खिली हुई और खुली हुई हैं। दोनों गले मिले। इसके बाद डोटासरा जी ने कहा- मैं तो आपका नाम लिए बिना सोता तक नहीं। लगता है कि मित्र ने पुत्रवधू के लिए दुहाई दी और थोड़ी देर के लिए संगठन के मुखियाजी सो गए। इसी बीच 5 घोड़े फिसलकर राठौड़जी के बाड़े में पहुंच गए। राजनीति में इस तरह भी नेता एक-दूसरे का साथ देते हैं। कुल मिलाकर ये सब सुनी-सुनाई बाते हैं। राजनीति में जीत-हार के कई समीकरण होते हैं। जादू भी तो ‘हाथ’ की सफाई ही है। 4. चलते-चलते.. बद्रीराम जाखड़ कांग्रेस के सीनियर नेता और पाली से पूर्व सांसद हैं। जोधपुर में उन्हें पत्रकारों ने पकड़ लिया। यहां कांग्रेस के पास 32 वोट थे। जिला प्रमुख बनाने के लिए वोटिंग हुई तो निकले 36… पत्रकारों को जिज्ञासा थी कि 36 का आंकड़ा कैसे बैठा? यही सवाल बद्रीरामजी के सामने पेश किया गया। उन्होंने सरलता से इस गणित को समझाया। बोले- देखिए, 32 तो कांग्रेस के सदस्य जीतकर ही आए थे। पत्रकार बोले- हां। बद्रीराम ने आगे कहा- हमें 3 वोट RLP के मिल गए। पत्रकार बोले- 32 और 3 मिलकर 35 हो गए। फिर बाकी का 1 वोट ? बद्रीराम ने बात मुकम्मल की- बाकी का 1 वोट आ गया अशोक गहलोत की जादूगरी की वजह से। कहने के बाद बद्रीराम ठहाका मारकर हंसे। साथ खड़े लोगों की भी हंसी छूट गई। बद्रीराम जी की बात पर क्या कहें? यही कह सकते हैं कि- जादू भी तो ‘हाथ’ की सफाई ही है। इनपुट सहयोग- गौरव माथुर (भरतपुर), मुकेश नागर (बूंदी)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/w2ahm7R
घूंघट निकालकर 3 बार भरा पर्चा, बन गईं प्रधान:बागी सदस्य लेकर पहुंचे MLA की थानेदार से 'भिड़ंत'; ऐसे पूरा हुआ '36 का आंकड़ा'
शनिवार, नवंबर 28, 2026
0
