पंचायत समिति चुनाव में 4 दिग्गज मंत्रियों के गढ़ में बीजेपी खाता भी नहीं खोल पाई। सवाई माधोपुर में कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, सीकर में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा और नागौर में दो-दो मंत्री विजय सिंह व मंजू बाघमार एक भी पंचायत समिति में प्रधान नहीं जितवा पाए। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भरतपुर में बड़ा उलटफेर करने में कामयाब रहे। 'शून्य' बहुमत के बावजूद 7 में 5 पंचायत समितियों में बीजेपी के प्रधान जितवाए। चूरू में एक बार फिर दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ ने रणनीति कौशल दिखाया। यहां 5 की जगह 7 पंचायत समितियों में जीत बीजेपी की झोली में डाली। अलवर में भी बीजेपी का बहुमत जीरो था। लेकिन यहां केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और वन मंत्री संजय शर्मा ने आंकड़ा 3 तक पहुंचाया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गढ़ जोधपुर में बीजेपी केवल एक प्रधान जितवाकर साख बचाने में कामयाब रही। प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के नतीजों आने के बाद भास्कर ने दिग्गज नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों का एनालिसिस किया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट... सबसे पहले बात मंत्रियों के गढ़ वाले जिलों की, जहां ‘शून्य’ पर रही बीजेपी 1. नागौर : बीजेपी के मंत्रियों पर भारी पड़ी हनुमान बेनीवाल की रणनीति नागौर में हनुमान बेनीवाल ने बड़ा उलटफेर किया। आरएलपी को 6 समितियों में बहुमत मिला था, लेकिन 8 में प्रधान बना लिए। रियांबड़ी में बीजेपी से जीते सदस्यों को आरएलपी जॉइन करवाई और प्रधान बनवा दिए। वहीं, बीजेपी और कांग्रेस दोनों से जमकर क्रॉस वोटिंग करवाई। बीजेपी को एक भी समिति में बहुमत नहीं था। लेकिन बिना स्पष्ट बहुमत वाली 4 पंचायत समितियों में जोड़-तोड़ करने का पूरा मौका था। सरकार में दो मंत्री विजय सिंह चौधरी और मंजू बाघमार एक में भी कामयाब नहीं हो सके। इधर, कांग्रेस ने 2 बहुमत होने के बावजूद 4 पंचायत समितियों में अपने प्रधान जितवा लिए। 2. सीकर : UDH मंत्री खर्रा एक भी जगह नहीं कर पाए जोड़-तोड़ यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की रणनीति पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पूरी तरह हावी रहे। यहां बीजेपी को एक भी पंचायत समिति में बहुमत नहीं मिला था, जबकि कांग्रेस के पास 14 में बहुमत था। हालांकि 2 पंचायत समितियों में स्पष्ट बहुमत नहीं होने के चलते बीजेपी के पास जोड़-तोड़ करने का पूरा मौका था। लेकिन यहां भी कांग्रेस ने निर्दलीयों और अन्य को साध कर एक जगह प्रधान ज्यादा बनवा लिया। वहीं बीजेपी के लिए मंत्री झाबर सिंह खर्रा इन समितियों में भी दांव-पेच नहीं चला पाए। 3. सवाई माधोपुर : मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के गढ़ में बीजेपी ‘0’ सवाई माधोपुर जिले में बीजेपी एक भी प्रधान नहीं बना पाई। यहां कांग्रेस सांसद हरीश चंद्र मीणा, विधायक इंद्रा मीणा और रामकेश मीणा ने पार्टी सदस्यों को पूरी तरह साधकर रखा। बीजेपी से कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, विधायक जितेंद्र कुमार और प्रभारी मंत्री गौतम कुमार की रणनीति यहां काम नहीं आ सकी। यहां तक कि वजीरपुर पंचायत समिति में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। यहां बीजेपी निर्दलीयों व अन्य को साध नहीं पाई। कांग्रेस के बागी ने कांग्रेस के जीते सदस्यों के समर्थन से निर्दलीय बोर्ड बना लिया। अब पढ़िए- उन जिलों का एनालिसिस, जहां बड़ा उलटफेर हुआ भरतपुर : मंत्री बेढम ने बिना बहुमत बना लिए 5 प्रधान भरतपुर में बीजेपी ने बड़ा उलटफेर किया। यहां 7 पंचायत समितियों में बीजेपी के पास एक भी बहुमत नहीं था। लेकिन गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम और उनकी टीम ने निर्दलीयों व अन्य को साधकर 5 जगह अपने प्रधान बनवा दिए। कांग्रेस को 1 पंचायत समिति में बहुमत मिला था, जबकि 3-4 जगह लीड में थी। लेकिन लीड वाली पंचायत समितियों में अपना प्रधान बनाने में विफल रही। हालांकि कांग्रेस दो समितियों में प्रधान बना पाई। अलवर : बीजेपी यहां शून्य थी, 3 जगह दिलाई जीत अलवर में बीजेपी 11 पंचायत समितियों में बहुमत के मामले में शून्य पर थी। लेकिन बावजूद इसके 3 प्रधान बनवाने में सफलता पाई। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और मंत्री संजय शर्मा बीजेपी की साख बचाने में कुछ कामयाब हो पाए। लक्ष्मणगढ़, मालाखेड़ा और थानागाजी पंचायतों में बीजेपी व कांग्रेस दोनों को ही बहुमत नहीं मिला था, यहां बीजेपी ने खुद के प्रधान बना लिए। वहीं, उमरैण में किसी को बहुमत नहीं मिला था, जिसका फायदा कांग्रेस ने उठाया। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, दोनों की रणनीति के चलते 7 समितियों में बहुमत में आई कांग्रेस ने 8 प्रधान बना लिए। अजमेर : विधानसभा अध्यक्ष-सांसद पड़े पूर्व मंत्री पर भारी यहां बहुमत के मामले में बीजेपी-कांग्रेस टक्कर में थी। जिले की 10 पंचायत समितियों में 4 पर कांग्रेस और 4 पर ही बीजेपी के पास बहुमत था। असली लड़ाई 2 पंचायत समितियों में थी, जिसमें किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं था। इन दोनों समितियों में खुद का प्रधान बनाने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और पूर्व मंत्री रघु शर्मा व नेता धर्मेंद्र राठौड़ के बीच प्रतिस्पर्धा थी। दोनों पंचायत समितियों में देवनानी और चौधरी की रणनीति से बीजेपी ने निर्दलीयों व अन्य को साधकर अपने प्रधान बनवा लिए। ऐसे बीजेपी के प्रधानों की संख्या 6 हो गई और कांग्रेस को 4 प्रधानों से ही संतुष्ट होना पड़ा। बीकानेर : एक पर बहुमत के बावजूद बनवाए 3 प्रधान बीकानेर की 15 पंचायत समितियों में बीजेपी के पास केवल एक जगह बहुमत था। लेकिन केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और मंत्री सुमित गोदारा की टीम ने 3 समितियों में प्रधान बनाने में कामयाबी हासिल की। नोखा, पांचू और बीठनोख, तीनों में ही क्रॉस वोट करवाने में बीजेपी ने सफलता पाई। इधर, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला, विधायक सुशीला डूडी और पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने खाजूवाला सहित कुछ पंचायत समितियों में क्रॉस वोट करवा लिए। हालांकि बहुमत की संख्या 10 थी और प्रधान भी 10 ही बना सके। बीजेपी-कांग्रेस के वोटों के सहारे 2 निर्दलीय प्रधान भी बने। जयपुर : दूदू में डिप्टी सीएम पड़े पूर्व मंत्री पर भारी जयपुर जिले की बात करें तो 22 पंचायत समितियों में बीजेपी महज 4 में ही अपना प्रधान बनवा सकी। लेकिन डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के विधानसभा क्षेत्र दूदू में उलटफेर हुआ। यहां की 3 पंचायत समितियों में एक में भी बीजेपी के पास बहुमत नहीं था। लेकिन डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा की रणनीति कांग्रेस के पूर्व मंत्री बाबू लाल नागर पर भारी पड़ी। यहां बैरवा ने आरएलपी को साधकर मोजमाबाद में बीजेपी का प्रधान जितवाया। इसके बदले अंदरखाने दूदू पंचायत समिति में RLP को समर्थन दिया। विधानसभा क्षेत्र की दो समितियों में बड़ी पार्टी होते हुए भी कांग्रेस केवल फागी पंचायत समिति में प्रधान बनवा पाई। दिग्गज नेताओं के गढ़ में कहां-क्या उलटफेर हुआ? आइए जानते हैं… चूरू : राठौड़ का फिर चला जादू, बीजेपी की झोली में डाले 7 प्रधान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और उनकी स्थानीय टीम ने 5 समितियों में बहुमत होने के बावजूद 7 समितियों में प्रधान बनवा लिए। चूरू उत्तर पंचायत समिति में निर्विरोध प्रधान बना और सुजानगढ़ में बड़ा उलटफेर करते हुए कांग्रेस का बहुमत होते हुए भी बीजेपी का प्रधान बना। कांग्रेस से सांसद राहुल कस्वां और नेता रफीक मंडेलिया सक्रिय रहे। रतनगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस ने उलटफेर कर दिया। हालांकि 6 समितियों में बहुमत वाली कांग्रेस 6 ही प्रधान बना सकी। जोधपुर : गहलोत के गढ़ में बीजेपी ने RLP की मदद से बचाई साख जोधपुर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का गढ़ है। यही कारण है कि यहां हर चुनाव हॉट बन जाता है। पूरे जिले की 23 पंचायत समितियों में बीजेपी को कहीं भी बहुमत नहीं था। लेकिन यहां की सेखाला पंचायत समिति में अंदरखाने आरएलपी का साथ मिला और बीजेपी अपना प्रधान बनाने में कामयाब हुई। सूत्र बताते हैं कि इसके बदले बीजेपी ने आगोलाई और बिलाड़ा पंचायत समिति में RLP को समर्थन दिया। बीजेपी ने 6 पंचायत समितियों में प्रधान पद पर प्रत्याशी ही नहीं उतारे। इससे आरएलपी 3 पर बहुमत होने के बावजूद 5 पंचायत समितियों में प्रधान बनाने में कामयाब हुई। कांग्रेस के पास 15 पंचायत समितियों पर बहुमत था, फिर भी 16 जगहों पर अपना प्रधान जितवा लिया। यहां कांग्रेस अपने जीते सदस्यों को जोड़-तोड़ से बचाने में सफल रही। झालावाड़ : चले दांव-पेच, कांग्रेस से छीनी एक सीट पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ में बीजेपी के पास 2 समितियों में ही बहुमत था, लेकिन यहां 3 में प्रधान बनाने में कामयाब हो गई। अकलेरा पंचायत समिति में कांग्रेस लीड में थी, लेकिन बीजेपी ने जोड़-तोड़ से कांग्रेस से प्रधान की सीट छीन ली। हालांकि खानपुर समिति में केवल 1 वोट से बीजेपी का प्रधान बनते-बनते रह गया। 6 समितियों में बहुमत के बावजूद 5 समितियों में कांग्रेस के प्रधान बने। विधायक सुरेश गुर्जर और पूर्व प्रमोद जैन भाया की टीम ने यहां कांग्रेस के सदस्यों को साधे रखने का पूरा प्रयास किया। हालांकि वे एक पंचायत समिति में विफल रहे। पाली : बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष डैमेज रोकने में रहे कामयाब पाली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का गढ़ है। जिला प्रमुख चुनाव में राठौड़ कांग्रेस के वोट तोड़ने में कामयाब हुए थे। लेकिन पंचायत समिति में वे उलटफेर नहीं कर पाए। यहां 6 समितियों में बीजेपी को बहुमत मिला था और 6 ही प्रधान बना सकी। हालांकि पार्टी में कोई डैमेज भी नहीं होने दिया। राठौड़ के साथ मंत्री जोराराम कुमावत और सांसद सांसद पी.पी. चौधरी की टीम भी इन चुनावों में सक्रिय रही। कांग्रेस विधायक विधायक भीमराज भाटी और पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ व नेता संगीता बेनीवाल 3 समितियों में बहुमत को संभाले रखने में कामयाब हो गए।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/EG8bnap
4-मंत्रियों के गढ़ में खाता भी नहीं खोल पाई बीजेपी:भरतपुर में बेढम ने बिना बहुमत जितवाए 5 प्रधान, जोधपुर में RLP की मदद से बची साख
शनिवार, नवंबर 28, 2026
0
