एसएमएस स्टेडियम में बुधवार काे योग का सागर उमड़ पड़ा। अर्हं योग प्रणेता मुनि प्रणम्य सागर महाराज के सान्निध्य में आयोजित अर्हं ध्यान योग शिविर में करीब 15 हजार लाेग शामिल हुए। मुनिश्री ने अर्हं ध्यान योग को सरलतम तरीके से समझाते हुए कहा कि यह तन को स्वस्थ, मन को प्रसन्न और चेतना को निर्मल बनाता है। यह ध्यान प्रमुख योग प्रक्रिया है। अर्हं ध्यान योग के प्रति लोगों का जबरदस्त जुड़ाव देखने को मिला। आलम यह था कि लोग तड़के 4 बजे से ही स्टेडियम में आना शुरू हो गए थे। सभी साधकों को टी-शर्ट दी गई। ऊं अर्हं नमः के नाद और मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तनाव और अवसाद को दूर कर सफलता का मंत्र दिया मुनिश्री ने स्टेडियम में मौजूद लोगों को पञ्च मुद्राएं करवाई। कायोत्सर्ग से भीतरी शांति और अक्षर नाद, तरंग नाद से खुद को हील करने की कला सिखाई। उन्होंने बताया कि इसके नियमित अभ्यास से आंखों की दृष्टि प्रबल होगी, रीढ़ की हड्डी मजबूत होगी, जठराग्नि उद्दीपन, आत्मविश्वास बढ़ना, तनाव और अवसाद को दूर करने में सफलता मिलती है। अर्हं यानी दिव्य ज्योति का आनंद, जो हम सबमें विद्यमान है : प्रणम्य सागर मुनिश्री ने बताया कि अर्हं एक दिव्य ज्योति रूप आनंद है, जो सबके अंदर विद्यमान है। ध्यान से हम उससे जुड़ते हैं। अहिंसा दिवस पर अर्हंश्री ने अहिंसा के महत्व की भी अनुभूति कराई। कार्यक्रम में जयपुर के अलावा दिल्ली, जबलपुर, सतना, बंगाल सहित विभिन्न राज्य से भी लोग शामिल हुए। दिल्ली, बंगाल, मध्यप्रदेश और गुजरात से भी लोग पहुंचे कार्यक्रम में ध्वजारोहण आरके ग्रुप किशनगढ़ परिवार की सुशीला पाटनी व शांता पाटनी ने किया। भगवान आदिनाथ के चित्र का अनावरण सुशील व रोहित पहाड़िया व दीप प्रज्वलन नंदकिशोर व प्रमोद पहाड़िया ने किया। आदिनाथ दिगंबर जैन समिति मानसरोवर के अध्यक्ष सुशील पहाड़िया, मंत्री राजेन्द्र सेठी ने सभी का अभिनंदन किया। आईएएस डॉ. समित शर्मा, डॉ. सोनिका जैन, सुधांशु कासलीवाल, विवेक काला, सुरेश सबलावत, राजीव जैन गाजियाबाद, प्रदीप जैन, जेके जैन, डॉ. पीसी जैन, भारतभूषण जैन, दीपक छाबड़ा, एसके जैन व गौरव जैन सहित विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के बड़ी संख्या में पहुंचे। आगे क्या: मुनि प्रणम्य सागर ससंघ के सान्निध्य में भट्टारक जी की नसियां में गुरुवार को वर्धमान स्तोत्र पूजा विधान व शुक्रवार को भगवान मुनिसुव्रत नाथ विधान का विशेष आयोजन सुबह 6:15 बजे से होगा। इस दौरान सुबह 8.15 बजे मुनिश्री के मंगल प्रवचन होंगे।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/5kl7nBa
एसएमएस में उमड़ा योग का सागर:मुनि प्रणम्य सागर का अर्हं ध्यान योग 15 हजार साधक, ऊं अर्हं नमः से गूंजा स्टेडियम
गुरुवार, अक्टूबर 03, 2024
0
Tags


