करौली में राजस्थान आदिवासी मीणा महासभा ने अनुसूचित जनजाति वर्ग के कर्मचारियों और अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को अनुचित और तथ्यहीन बताते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन करौली के उप जिला कलेक्टर को दिया गया। महासभा के जिलाध्यक्ष राम खिलाड़ी आगिर्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जयपुर की समता आन्दोलन समिति द्वारा मीणा समुदाय के सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध की गई शिकायतें झूठी हैं। इन शिकायतों से समाज में अनावश्यक तनाव और भ्रामक स्थिति पैदा हो रही है। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सवाई मानसिंह अस्पताल, जयपुर में कार्यरत मीणा समुदाय के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ की गई शिकायत पूरी तरह निराधार है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि मीणा समाज के कर्मचारी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और शांतिप्रिय हैं। उनके विरुद्ध इस प्रकार की शिकायतें समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। महासभा ने ऐसी शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अगर ये शिकायतें तथ्यहीन पाई जाती हैं तो आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए। इससे भविष्य में किसी भी समुदाय को बिना आधार के आरोपों का सामना नहीं करना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महासचिव रघुनाथ लेदिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. के.एल. मीणा, प्रदेश सचिव चंद्रप्रकाश, ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम मीणा, कुंजीलाल, सुआलाल, नरसी मीना, द्वारिका सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/o8bJ0n4
मीणा महासभा ने कर्मचारियों पर लगे आरोपों को बताया आधारहीन:मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की
बुधवार, अगस्त 06, 2025
0
Tags

