जयपुर में डॉक्टरों के बीच खेली जाने वाली डॉक्टर्स प्रीमियर लीग (DPL) का आयोजन होने जा रहा है। डॉक्टर्स सोशल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में डॉक्टर्स क्रिकेट प्रीमियर लीग T-20 खेली जाएगी। गौरतलब है कि डीपीएल एक अनूठी क्रिकेट लीग है, जो पूरी तरह आईपीएल की तर्ज़ पर डॉक्टरों के बीच खेली जाती है। इस बार सीजन-18 में 20 टीमें भाग ले रही हैं। लीग के चेयरमैन डॉ. शिवराज सिंह राठौड़ ने बताया कि डीपीएल सीजन-18 की जर्सी और ट्रॉफी का विमोचन रविवार 21 दिसंबर 2025 को एक भव्य समारोह में किया जाएगा। इसी अवसर पर डीपीएल की मैगजीन ‘डॉक्टर्स क्रॉनिकल’ का भी विमोचन होगा। प्रतिष्ठित अतिथियों की रहेगी मौजूदगी समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. एम. एल. स्वर्णकार और डीजीपी श्री राजीव शर्मा होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. दीपक माहेश्वरी और डॉ. विकास स्वर्णकार शामिल होंगे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. संजय पावाह और सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि यह लीग केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सामाजिक संदेश के साथ आयोजित की जाएगी। स्तन कैंसर जागरूकता का संदेश आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष डीपीएल के माध्यम से स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि समाज में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़े। डीपीएल के अन्य संस्करण भी होंगे आयोजित डॉक्टर्स प्रीमियर लीग के अंतर्गत हर वर्ष डेंटल डीपीएल (6 टीमें), मानसून डीपीएल (6 टीमें), फैमिली फन डीपीएल (32 टीमें) और लीजेंड्स डीपीएल (6 टीमें) का भी आयोजन किया जाता है। 21 दिसंबर से पहला मैच, 12 मार्च को समापन आयोजन समिति के सदस्य डॉ. राजीव, डॉ. अशोक, डॉ. अरुण सोनी, डॉ. मणिकांत और डॉ. युवराज ने बताया कि लीग का पहला मैच 21 दिसंबर 2025 को खेला जाएगा, जबकि समापन 12 मार्च 2025 को होगा। ऑक्शन से चुने गए खिलाड़ी, फीमेल डीपीएल में भी उत्साह आयोजन समिति के सदस्य डॉ. रोमिल, डॉ. अमित वालिया, डॉ. राम थानवी और डॉ. शाहिद ने बताया कि आईपीएल की तर्ज़ पर डॉक्टर खिलाड़ियों का ऑक्शन किया गया है। वहीं फीमेल डीपीएल की संयोजक डॉ. रिम्मी शेखावत ने बताया कि फीमेल डीपीएल (4 टीमें) के लिए महिला खिलाड़ियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कुल मिलाकर, डीपीएल सीज़न-18 न केवल क्रिकेट का रोमांच बढ़ाएगा, बल्कि खेल के साथ स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश भी देगा।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/bMRAya2
जयपुर में डॉक्टर्स के बीच होगा क्रिकेट मैच:महिलाएं भी शामिल होंगी, 20 टीमें भाग ले रहीं
रविवार, दिसंबर 21, 2025
0
Tags

