राजस्थान में अवैध शराब और तस्करी पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कई जिलों में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। जयपुर ग्रामीण, भीलवाड़ा, हनुमानगढ़ जिले में यह कार्रवाई हुई। 4 जगहों पर कार्रवाई में 1600 लीटर वॉश, 4 भट्टियां और 56 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देश पर प्रदेश के कई जिलों में नाकाबंदी, गश्त और रेड की कार्रवाई हुई। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रशासन ओपी जैन और अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ सख्ती की गई। टीम ने ग्रामीण क्षेत्र में आबकारी निरोधक दल ने चाकसू इलाके के ग्राम त्रिलीपुरा, लसाड़िया गुड़ा, फल्याावास और सिंडोली में कार्रवाई करते हुए 1200 लीटर वॉश नष्ट किया और 2 अवैध भट्टियां तोड़ीं। वहीं, मुखबिर की सूचना पर ट्रेन में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी थाना फुलेरा और आरपीएफ फुलेरा की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 18 बोतल अंग्रेजी शराब और 20 पव्वे अंग्रेजी शराब जब्त किए। भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा और निम्बाहेड़ा कलां में दबिश के दौरान 400 लीटर वॉश और 2 भट्टियां नष्ट की गईं। मौके से 4 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद हुई। वहीं हनुमानगढ़ जिले के टीबी पनीवाली और गुड़िया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 52 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई और संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। आयुक्त शिवप्रसाद नकाते का कहना है कि प्रदेशभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कई अन्य जिलों में भी नाकाबंदी और सघन गश्त बढ़ाई गई है, ताकि अवैध शराब नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जा सके। अवैध शराब बनाने और तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/DUCEJPt
राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन:3 जिलों में 1600 लीटर वॉश, 4 भट्टियां और 56 लीटर हथकड़ शराब पकड़ी गई
शनिवार, दिसंबर 27, 2025
0


