उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हेलिकॉप्टर से जालोर पहुंचे। यहां उन्होंने सिरे मंदिर में आयोजित 375वीं वर्षगांठ के महायज्ञ कार्यक्रम में भाग लिया और शान्तिनाथ बालिका आदर्श स्कूल का निरीक्षण कर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा- यहां की भूमि वीरता और त्याग की गाथाओं की साक्षी रही है। यह धरती रानी पद्मिनी के जौहर की साक्षी रही है। भारतीय संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए इतिहास में अनेक वीरों और वीरांगनाओं ने बलिदान दिया है। उन्होंने कहा- अलाउद्दीन खिलजी ने जालोर के वीर राजकुमार वीरमदेव चौहान को अपनी पुत्री से विवाह और इस्लाम स्वीकार करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन वीरमदेव चौहान ने सभी लालच ठुकराकर धर्म और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए युद्ध का मार्ग चुना और वीरगति को प्राप्त हुए। ऐसी पवित्र और वीरभूमि को मैं नमन करता हूं। सिरे मंदिर पहुंचे, करेंगे रात्रि विश्राम जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाहन से कनकाचंल पहाड़ी पर लगभग 2120 फीट की ऊंचाई पर स्थित सिरे मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर के गादीपति पीर गंगानाथ महाराज के दर्शन किए और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। दरअसल, जालोर के कनकाचंल पहाड़ी पर स्थित सिरे मंदिर परिसर में स्थित रत्नेश्वर महादेव मंदिर की 375वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलिकॉप्टर से जालोर पहुंचे। यहां सिरे मंदिर के संत योगी प्रेमनाथ महाराज, आनंदनाथ महाराज और रेवतीनाथ महाराज ने उनका स्वागत किया। स्कूल में दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद शान्तिनाथ बालिका आदर्श स्कूल पहुंचकर मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। स्कूल प्रशासन की ओर से उनका और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कल धर्मसभा में होंगे शामिल 16 मार्च को सुबह 6:30 बजे रत्नेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद महायज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी। इसके बाद सिरे मंदिर धाम स्थित कन्यागिरी प्रांगण में सुबह 10 बजे विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। धर्मसभा के समापन के बाद मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:50 बजे हेलिपैड पहुंचेंगे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए जोधपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे उत्तर प्रदेश के लिए प्रस्थान करेंगे।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/2jiQpAT
योगी आदित्यनाथ बोले-वीरमदेव ने लालच ठुकराकर धर्म का मार्ग चुना:मैं उन्हें नमन करता हूं; कल सिरे मंदिर की धर्मसभा में होंगे शामिल
सोमवार, मार्च 16, 2026
0
Tags


