सादड़ी क्षेत्र के अलसीपुरा गांव में वन कर्मियों पर एक ग्रामीण से मारपीट का आरोप लगा है। इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ग्रामीण का दावा है कि मारपीट के कारण उसके कान का पर्दा फट गया है। बकरी चराने जंगल गया था पीड़ित छोगाराम पुत्र देवाजी भील ने रविवार को सादड़ी पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि यह घटना 17 अप्रैल की दोपहर की है। वह अपनी बकरियां चराने जंगल गया था और बेरा जरकिया के पास बकरियों के लिए पेड़ की दो डालियां काट रहा था। तभी सरकारी वन वाहन में कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उससे पूछताछ करने के साथ तस्वीरें लेने लगे। छोगाराम का आरोप है कि वन कर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उसे वहां से जाने को कहा। जब वह अपनी बकरियों को लेकर लौटने लगा, तो उनमें से एक व्यक्ति ने उसके कान पर जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद वन कर्मी मौके से फरार हो गए। कान का पर्दा फटा घायल छोगाराम को उसके परिजनों ने घर लाकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत होने पर उसे सुमेरपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि उसके कान का पर्दा फट गया है। इस घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण वन विभाग कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन कर्मियों द्वारा आमजन के साथ इस प्रकार का व्यवहार निंदनीय है और ऐसे मामलों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। जंगल में आग बुझाने गई थी टीम सादड़ी के रेंजर जितेंद्र सिंह ने इस मामले पर कहा, “ग्रामीण वन कार्यालय आए थे, लेकिन हमारी पूरी टीम जंगल में लगी आग बुझाने गई हुई थी। कार्यालय आने के बाद मैं पता करवाऊंगा कि कौन सा कार्मिक मारपीट में शामिल था। सादड़ी पुलिस सीआई हनवंत सिंह सोढा ने बताया, मारपीट को लेकर ग्रामीण थाने आए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसमें एक स्थानीय नामजद व्यक्ति और दो अन्य पर आरोप लगाया गया है। आगे की जांच जारी है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/paIyo48
कान का पर्दा फटा, फॉरेस्ट कर्मियों पर मारपीट का आरोप:वन विभाग कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, कार्रवाई की मांग की
सोमवार, अप्रैल 20, 2026
0
Tags

