पाली में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक परिवार पर लाठी–सरियों से हमला कर दिया। ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इससे अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के 9 जने घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला जिले के रोहट थाना क्षेत्र के दुदिया गांव का है। रोहट थाने के हेड कॉन्स्टेबल श्यामलाल का कहना है कि तीन जनों को हिरासत में लिया है। घटना स्थल पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण घायलों को हॉस्पिटल लेकर जा चुके थे। मामले की जांच कर रहे हैं। घायल परिवार का आरोप है कि 30 अप्रैल को उनके परिवार में शादी थी। 29 अप्रैल को बंदोली थी। इस दौरान गांव का एक युवक बार–बार घर के आगे से ट्रैक्टर लेकर निकल रहा था। टोकने पर युवक झगड़ने लगा। इसके बाद वह रंजिश रखने लगा। शनिवार शाम करीब 8 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर 10–15 जने आए और शादी समारोह के बाहर खड़े के पीछे ट्रैक्टर दौड़ाया। इससे वहां खड़े एक युवक के पैर पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। वहीं लाठी–सरियों से हमला किया गया। इसमें 9 जने घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल है। चीख- पुकार मच गई और लोग बचने के लिए खेतों में भागे। इस बीच ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। सभी घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हमले में ये हुए घायल शुरुआती जानकारी के अनुसार- रोहट थाने के दुदिया गांव में हुई घटना में विनोद(28) पुत्र सोहन, हरिराम(48) पुत्र वोराराम, शोभा(25) पत्नी विनोद, पानी देवी(42) पत्नी हरिराम, रमेश(44) पुत्र वोराराम, भंवर लाल(52) पुत्र वोराराम, मोहिनी देवी(50) पत्नी भंवरलाल, सूरज(26) पुत्र भंवर लाल, पप्पूराम(27) देवासी घायल हो गए। सभी का पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज जारी है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/mMEFXAi
टोकने पर नाराज युवक ने लोगों पर चढ़ाया ट्रैक्टर:साथियों के साथ लाठी-सरियों से हमला किया; 9 घायल
रविवार, मई 03, 2026
0
Tags

