जोधपुर-पाली रोड पर विवेक विहार थाना क्षेत्र में इंसानियत को भूलकर लूटपाट करने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डी-मार्ट और जीत कॉलेज के निकट शनिवार रात को एक सड़क दुर्घटना के बाद आसपास के लोग और राहगीर हादसे का शिकार हुए ड्राइवर की मदद करने के बजाय पिकअप में भरी कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें लूटने में जुट गए। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे डी-मार्ट के निकट स्थित एक गोदाम से कोल्ड ड्रिंक्स भरकर एक पिकअप पाली की ओर जा रही थी। इसी दौरान जीत कॉलेज के निकट पहुंचने पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और उसी पर चढ़कर रुक गई। वहीं, टक्कर मारने वाला ट्रक भी सड़क से नीचे उतरकर रुक गया। चालक रोकता रहा, लोग बोतलें लूटकर भागते रहे हादसे के बाद सड़क पर कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें बिखर गईं। इस दौरान वहां मौजूद लोग और वहां से गुजर रहे राहगीर हादसे का शिकार हुए संबंधित चालक की मदद करने के बजाय कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें लूटने में लग गए। पिकअप के चालक ने अपनी तरफ से लाख कोशिश की और लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भीड़ को नहीं रोक पाया। जिसको जिस तरफ से भी मौका मिला, वह उतनी ही बोतलें लूटकर वहां से भागता नजर आया। विवेक विहार थाना पुलिस के पहुंचने पर थमी लूट सड़क पर मची इस लूटपाट और हंगामे की सूचना मिलने के बाद विवेक विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी और जवानों को देखकर बोतलों की लूट थमी, लेकिन इससे पहले पिकअप में भरा अधिकांश माल लुट चुका था। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर यातायात सुचारू करवाने और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/tnlqIv7
हादसे के बाद मदद की बजाय कोल्ड-ड्रिंक्स लूटने की होड़:डी-मार्ट के पास ट्रक की टक्कर से डिवाइडर पर चढ़ी पिकअप, बेबस ड्राइवर रोकता रहा
रविवार, मई 03, 2026
0
Tags

