रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर गरिमा के रोटरी वर्ष 2026-27 का इंस्टॉलेशन समारोह एक होटल में आयोजित हुआ। 55 महिला सदस्यों वाले इस क्लब की नई कार्यकारिणी ने सहायक प्रांतपाल रोटेरियन रीता स्वामी की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। समारोह में रोटेरियन सुमन सिंघवी ने क्लब अध्यक्ष, डोलिन जैन ने सचिव और आशा पारख ने कोषाध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। नवगठित कार्यकारिणी ने सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाने का संकल्प व्यक्त किया। निवर्तमान अध्यक्ष कावेरी बजाज ने अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर सुमन सिंघवी को औपचारिक रूप से नेतृत्व सौंपा। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी और सहयोगी टीम को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण होगा शुरू रोटरी वर्ष की शुरुआत क्लब ने नई सेवा परियोजना की घोषणा के साथ की। इसके तहत महिलाओं के लिए मासिक आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसका संचालन पुलिस अधिकारी शारदा पूनिया के मार्गदर्शन में होगा। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल प्रदान करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। नई कार्यकारिणी ने रोटरी की वर्ष 2026-27 की थीम "क्रिएट लास्टिंग इम्पैक्ट" (स्थायी प्रभाव का सृजन) को साकार करते हुए समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और रोटरी फेलोशिप को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। ईमानदारी और समर्पण से कार्य करते रहने का दिया संदेश समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने रोटरी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए समाज के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से कार्य करते रहने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरुण धनाड़िया भी मौजूद थे। इंस्टॉलेशन समारोह का संचालन पीडीजी रोटेरियन विनोद भाटिया, अनिल बेनीवाल, प्रीयेश भंडारी एवं संजय मालवीय ने किया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/as8kK7b
रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर-गरिमा की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार:महिलाओं के लिए शुरू किया जाएगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण; समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का लिया संकल्प
शनिवार, जुलाई 18, 2026
0
Tags

