ब्यावर नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन भाजपा के दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। ये नामांकन वार्ड संख्या 20 और 40 से भरे गए हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने 9 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर जयपालसिंह ने बताया कि वार्डवार नामांकन प्रक्रिया के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं। वार्ड संख्या 1 से 15 के प्रत्याशी पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल, छावनी रोड, ब्यावर के कमरा नंबर 37 में पर्चा जमा कर सकते हैं। इसी प्रकार वार्ड संख्या 16 से 30 के लिए नगर परिषद कार्यालय ब्यावर, वार्ड संख्या 31 से 45 के लिए उपखंड अधिकारी ब्यावर कार्यालय के सभागार (पुराना वीसी हॉल) और वार्ड संख्या 46 से 60 के लिए अंबेडकर भवन को नामांकन केंद्र बनाया गया है। नामांकन प्रक्रिया को लेकर सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। नामांकन केंद्रों के आसपास प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही शुरू हो गई है, जो रसीदें कटवाने सहित अन्य औपचारिकताओं में व्यस्त दिखे। चारों नामांकन केंद्रों पर प्रशासन ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्मिक तैनात किए हैं। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही ब्यावर में निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सुरेशकुमार गर्ग ने बताया कि पहले दिन केवल दो नामांकन दाखिल हुए हैं, जबकि 500 से अधिक नामांकन फॉर्म प्रत्याशी ले जा चुके हैं। AAP ने 9 उम्मीदवार घोषित किए, सभी 60 वार्डों से लड़ने की तैयारी परिषद चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 9 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने आगामी नगर परिषद चुनावों के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के जिला अध्यक्ष शौकीन काठात ने बताया कि पार्टी इस बार ब्यावर नगर परिषद के सभी 60 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। पहली सूची में 9 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा गया है, जबकि दूसरी सूची भी जल्द ही जारी की जाएगी।
जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यदि ब्यावर के बच्चों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है, तो ईमानदार और साफ-सुथरी राजनीति को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/xCETbFo
ब्यावर में पहले दिन दो प्रत्याशियों ने भरा पर्चा:60 वार्डों के लिए चार केंद्र बनाए, आप ने 9 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए
शुक्रवार, अगस्त 28, 2026
0
Tags

