भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय चुनाव को लेकर सिरोही के विकास का विजन जनता के सामने रखते हुए चुनावी संकल्प पत्र जारी किया है। संकल्प पत्र में सड़क, सफाई, पेयजल, यातायात, पार्किंग, पर्यावरण, जल संरक्षण, रोजगार, स्वास्थ्य, खेल और आधुनिक शहरी सुविधाओं को प्रमुखता दी गई है। संकल्प पत्र जारी करने के दौरान प्रभारी मंत्री केके विश्नोई, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, निकाय चुनाव संभाग सह प्रभारी हेमराज मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी, महामंत्री गणपत सिंह राठौड़, जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री, जिला प्रवक्ता गोपाल माली और वरिष्ठ नेता बाबूलाल मीणा सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बोले- संकल्प पत्र सिर्फ घोषणाओं का दस्तावेज नहीं प्रभारी मंत्री केके विश्नोई और राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि सिरोही के सुनियोजित, समग्र और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य ऐसा सिरोही विकसित करना है, जहां बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण, सुचारू यातायात, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मजबूत आधारभूत ढांचा उपलब्ध हो। 'वार्ड ही विकास का आधार' रहेगा भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में वार्ड स्तर पर विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है। पार्टी के अनुसार 'वार्ड ही विकास का आधार' रहेगा। प्रत्येक वार्ड में सड़क, पेयजल, बिजली, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि सिरोही राजस्थान का महत्वपूर्ण पर्यटन, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहर है। ऐसे में शहर का विकास उसकी विरासत और पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक जरूरतों के अनुरूप किया जाएगा। स्मार्ट ट्रैफिक से लेकर पार्किंग तक पर फोकस संकल्प पत्र में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम विकसित करने का वादा किया गया है। प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही ट्रैफिक और पार्किंग के लिए व्यवस्थित नीति तैयार करने की बात कही गई है। शहर में नए पार्किंग स्थल विकसित करने का भी संकल्प लिया गया है। इससे प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर यातायात दबाव कम करने की योजना है। भूमिगत बिजली लाइन और रिंग रोड का भी वादा भाजपा ने बिजली की लाइनों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत करने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया है। इसके अलावा शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए रिंग रोड निर्माण पर भी जोर दिया गया है। सड़क निर्माण और मरम्मत के दौरान बार-बार होने वाली अनावश्यक खुदाई को रोकने के लिए भी समन्वित योजना बनाने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य सड़क बनने के बाद अलग-अलग विभागों की ओर से बार-बार सड़क खोदने की समस्या को कम करना है। भाजपा ने संकल्प पत्र में सिरोही को स्वच्छ, सुविधायुक्त, सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का विजन रखा है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/1Pe0Kgj
भाजपा ने जारी किया सिरोही का संकल्प पत्र:स्मार्ट ट्रैफिक, सीसीटीवी और पार्किंग पर जोर; वार्डों में सड़क-पानी-बिजली-सफाई प्राथमिकता
रविवार, सितंबर 06, 2026
0
Tags

