करौली में 60वें अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर बीआरसीएफ कार्यालय में जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान साक्षरता अभियान में अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों और नए साक्षर हुए लोगों को प्रमाण पत्र और दुपट्टा देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने जिले को पूरी तरह साक्षर बनाने, नए साक्षर हुए लोगों को शिक्षा से जोड़ने और डिजिटल साक्षरता के जरिए साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। साक्षरता परियोजना अधिकारी अशोक कुमार मीना ने बताया कि साक्षरता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों और नए साक्षर हुए लोगों को बढ़ावा देने के लिए यह कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्वेश कुमार गुप्ता ने कहा कि लोगों को साक्षर बनाना एक अच्छा काम है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पढ़ना-लिखना सिखाना ही काफी नहीं है, बल्कि लोगों को डिजिटल रूप से भी साक्षर और जागरूक करना जरूरी है। इससे वे साइबर ठगी से बच सकेंगे। उन्होंने जिले को पूरी तरह साक्षर बनाने और साक्षरता का 100 प्रतिशत लक्ष्य पाने की बात कही। जिला साक्षरता अधिकारी रामावतार मीना ने बताया कि जिले में 53,100 लोगों को साक्षर करने का लक्ष्य था। इसमें से करीब 90 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। नए साक्षर हुए लोगों को शिक्षा से जोड़ने के लिए उन्हें 10वीं और 12वीं की ओपन स्कूल योजना से बोर्ड परीक्षाओं में शामिल कराने पर भी काम चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 2022 से 2027 तक पूरी साक्षरता का लक्ष्य रखा गया है। करौली जिला साक्षरता के मामले में राजस्थान के टॉप-10 जिलों में शामिल है। जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक शिक्षा मुनेश कुमार मीना ने कहा कि शिक्षक खुद मेहनत करके दूसरों के जीवन में शिक्षा की रोशनी फैलाते हैं। उन्होंने महिलाओं को साक्षर होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से महिलाएं अपने जीवन में आगे बढ़ सकती हैं और परिवार व समाज को भी बेहतर दिशा दे सकती हैं। एडीपीसी समसा सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम की लगातार निगरानी और फीडबैक लेने से अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए ब्लॉक कोऑर्डिनेटर हिंडौन मनोज कुमार शर्मा, हंसराज मीना, अध्यापक गौरव शुक्ला, मानसिंह गुर्जर, रंगीलाल मीना, सर्वेयर लोड्सी, लर्नर मनीषा देवी, नव साक्षर सोमोती, कुंवरपाल, महेश, वीटी हेतराम गुर्जर, स्काउट गाइड मुकेश सारस्वत, मदन गोपाल, स्काउट वीटी कीर्ति, गंगाराम प्रजापत, व्याख्याता हरिकेश मीना और विमलेश मीना सहित अन्य लोगों को प्रमाण पत्र एवं दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/is5Xhnq
साक्षरता दिवस पर कार्मिक और नव साक्षर सम्मानित:लोगों को डिजिटल रूप से साक्षर और जागरूक करने पर दिया जोर
बुधवार, सितंबर 09, 2026
0
Tags

