चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने उदयपुर शहर में एक क्लिनिक पर कार्रवाई की गई और वहां पर नियम विपरीत क्लिनिक संचालन होने पर हाथीपोल पुलिस थाने में एक रिपोर्ट दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक आदित्य ने बताया कि हमे शिकायत मिली तो हमने जांच के लिए टीमें भेजी। शहर प्रभारी एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ कैलाश शर्मा, भूपालपुरा चिकित्सा प्रभारी डॉ अंकुर शर्मा और पब्लिक हेल्थ मेनेजर भूपेश रावल को भट्ट जी की बाडी स्थित द बाउंस हेयर एंड स्कीन क्लिनिक पर कार्यवाही के लिए भेजा। वहां कोई भी डॉक्टर नहीं मिला। क्लिनिक का स्टेब्लिशमेंट में रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया गया था। पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड का सर्टिफिकेट भी नहीं था। बायोवेस्ट के लिए भी सर्टिफिकेट नहीं मिला। मौके पर एक फार्मासिस्ट का लाइसेंस प्राप्त हुआ और संचालक द्वारा इसी के आधार पर दवाइयां खरीदी जा रही थी। क्लिनिक पर दवाईयों मिलने पर सीएमएचओ ने मौके से ही जिला औषधि नियंत्रण विभाग से नेहा बंसल और कुलदीप यदुवशी को भी बुलाया। उन्होंने बताया कि इस क्लिनिक का मालिक मनोज नामक व्यक्ति बताया जा रहा है। आदित्य ने बताया कि संचालक के पास कोई चिकित्सीय डिग्री नहीं होने से उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए विभाग की और से हाथीपोल पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है। उदयपुर की अन्य खबरें पढ़े..... एडीजे कुलदीप शर्मा ने किया केंद्रीय कारागृह का निरीक्षण उदयपुर। एडीजे कुलदीप शर्मा ने सोमवार को केंद्रीय कारागृह का निरीक्षण किया। शर्मा ने बताया कि केन्द्रीय कारागृह उदयपुर के निरीक्षण के दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, अपील चिकित्सा, भोजन, नाश्ते, मुलाकात, एस टी डी इत्यादि की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान बंदीजन की अपील एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विशेष निर्देश प्रदान दिए गए। इस अवसर पर समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पोस्टर का विमोचन भी किया गया। संस्था अध्यक्ष कपिल अरोड़ा ने बताया संस्था द्वारा नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान पूरे राजस्थान में चलाया जा रहा है। आईसीएआई चेयरमैन ने छात्राओं को मोटिवेट किया उदयपुर। आईसीएआई प्रेसीडेन्ट चरणजोतसिंह नंदा ने उदयपुर प्रवास के दौरान सीए रेखा सोमानी फाउण्डेशन में सीए कोर्स के लिए अध्ययनरत छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें मोटिवेट किया। फाउण्डेशन संस्थापक सीए देवेन्द्र सोमानी ने बताया कि आईसीएआई प्रेसीडेन्ट ने समय निकाल कर फाउण्डेशन द्वारा होनहार छात्राओं के लिये चलाये जा रहे निःशुल्क सीए कोर्स में अध्ययनरत छात्राओं से मिलने के लिये पंहुचे। उन्होंने छात्राओं से फाउण्डेशन द्वारा सीए सोमानी ने बताया कि रेखा सोमानी चेरिटेबल ट्रस्ट देश के 12 वीं पास मेधावी छात्रों को सीए बनानें का बीड़ा उठाया है ताकि वह छात्र-छात्रा आगे चल कर न केवल अपने परिवार का वरन् अपने शहर, राज्य व देश का नाम रोशन कर देश के विकास में अपनी सहभागिता निभा सकें। इस दौरान ट्रस्ट से जुड़े दिलीप कोठारी, यशवन्त मंगल, विमल सुराणा, अंशुल मोगरा, वात्सल्य सहित अन्य सीए मौजूद थे। फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ ने दिया ज्ञापन उदयपुर। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ एकीकृत जिला शाखा उदयपुर के अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह बेमला के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। इसमें शामिल प्रमुख मांगों में विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में स्वीकृत व बगैर फार्मासिस्ट के संचालित समस्त दवा वितरण केंद्रों पर न्यूनतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व उससे ऊपर के संस्थानों में सब स्टोर एवं दवा वितरण केंद्रों के लिए फार्मासिस्ट स्वर्ग के 10032 नवीन पद स्वीकृत/ सृजित करने की मांग की। साथ ही फार्मासिस्ट ग्रेड प्रथम के पदोन्नति होने पर फार्मासिस्ट के 999 पद राज्य में और उदयपुर में 44 पद जो कि विलोपित हो गए थे उन्हें पुनः उसी चिकित्सा संस्थानों में स्वीकृत करने की मांग की। इस दौरान विधि प्रकोष्ठ प्रमुख मदन माली, जिला उपाध्यक्ष हितेश जैन, हेमन्त मेनारिया, कमलेश सुथार, जिला औषधि मेडिकल स्टोर भरत पारिक, चंद्रभान सिंह झाला, संदीप जैन, हेमेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष संपत जाट आदि उपस्थित रहे। प्रतिभाओं का किया सम्मान उदयपुर। आदित्यार्क महोत्सव आयोजन समिति ने राजस्थान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अलका मूंदड़ा का अभिनंदन किया। समिति संयोजक प्रदीप श्रीमाली ने बताया कि इस दौरान हुए कार्यक्रम में डा अलका मूंदड़ा और समिति संरक्षक गोविंद दीक्षित ने शहर की प्रतिभाओं का सम्मान किया। इसमें भावना श्रीमाली, भूपेन्द्र श्रीमाली, नरपत सिंह, डा उमा भाटी, जयेश खींची, कल्लव पंचाल, शरद बनावत सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप अधिकृत गाइड एसोसिएशन अध्यक्ष कोमल सिंह, भाजपा सरदार पटेल मंडल अध्यक्ष अमृत मेनारिया, नेमीचंद आचार्य, कार्यक्रम संयोजक सुमित पानेरी, महिला संयोजक निवेदिता जोशी आदि मौजूद रहे। मकर संक्रांति पर चायनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध उदयपुर। मकर संक्रांति पर्व के दौरान पतंगबाजी को लेकर उदयपुर जिला प्रशासन ने आमजन, पशु-पक्षियों एवं पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने नायलॉन एवं सिंथेटिक सामग्री से बने, कांच या लोहे के चूर्ण से लेपित तथा गैर-बायोडिग्रेडेबल मांझे (चायनीज मांझा) के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। जिला मजिस्ट्रेट उदयपुर नमित मेहता ने इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक एवं समस्त उपखण्ड मजिस्ट्रेट को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश राजस्थान सरकार के पशुपालन, मत्स्य एवं गोपालन विभाग से प्राप्त परामर्शी तथा माननीय राष्ट्रीय ग्रीन ट्रिब्यूनल एवं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व जारी आदेशों के क्रम में जारी किया गया है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/XebW07V
उदयपुर में क्लिनिक पर छापा, पुलिस को दी रिपोर्ट:संचालक के पास नहीं थी चिकित्सीय डिग्री, जांच के दौरान नहीं मिला वहां कोई डॉक्टर
मंगलवार, दिसंबर 23, 2025
0
Tags


