कोटा: कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में 15 साल के किशोर प्रिंस की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आलनिया डैम से बरामद प्रिंस के शव का मामला आखिरकार हत्या का निकला। पुलिस ने इस 'ब्लाइंड मर्डर केस' की गुत्थी सुलझाते हुए 6 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें पांच नाबालिग और एक बालिग आरोपी आकाश शामिल है। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि प्रिंस 8 जुलाई की सुबह अपने छह दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बाद 9 जुलाई को उसका शव आलनिया डैम से बरामद हुआ था। शव पर चोट के निशान होने और नाक से खून बहने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। लड़की से बातचीत के विवाद में रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि एक लड़की से बातचीत करने को लेकर प्रिंस और मुख्य आरोपी आकाश के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से साजिश रची। वे प्रिंस को बहला-फुसलाकर अपने साथ आलनिया डैम ले गए। वहां पहले प्रिंस के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसे डैम के गहरे पानी में धक्का दे दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। गुमराह करते रहे आरोपी, तकनीकी साक्ष्यों से खुली पोल डीएसपी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सभी आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग-अलग बयान देते रहे। लेकिन पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों (कॉल डिटेल्स व लोकेशन) और कड़ाई से पूछताछ का सहारा लिया, तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने पांचों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी आकाश को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/OqawpPN
कोटा में दोस्त को मारकर डैम में फेंका था शव:लड़की से बातचीत को लेकर चल रहा था विवाद, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 6 को पकड़ा
रविवार, जुलाई 19, 2026
0
Tags

