जयपुर के भांकरोटा में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस भयावह घटना में कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि कई घायल हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जो भी इसकी चपेट में आया, वह बुरी तरह प्रभावित हुआ। घटना के दौरान कुछ साहसी लोग ऐसे भी थे जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों की मदद की। उनकी बहादुरी और मानवता के प्रति समर्पण को क्षेत्रवासियों ने सराहा है। घटना के बाद, राजस्थान गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष गौरव गुर्जर ने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए पहल की। मंगलवार को पेट्रोल पंप स्थित हनुमानजी के मंदिर में शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। गौरव गुर्जर ने कहा- यह इस साल की सबसे बड़ी और हृदयविदारक घटनाओं में से एक है। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके अवशेष तक नहीं मिल सके। उनकी आत्मा की शांति के लिए और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना के लिए यह यज्ञ बहुत जरूरी था। उन्होंने बताया- इस शांति यज्ञ में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की गई। क्षेत्रवासियों ने इस कदम को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयास पीड़ित परिवारों को संबल प्रदान करेगा। अग्निकांड की यह घटना न केवल जयपुर बल्कि पूरे देश को झकझोर गई है। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर इस त्रासदी के पीड़ितों की मदद में जुटे हुए हैं।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/iDCvkSW