नगरफोर्ट थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने पुलिसकर्मी द्वारा ट्रैक्टर ड्राइवर की ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। यह आरोप मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने लगाया है। ड्राइवर की मौत से गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर दूनी-नगरफोर्ट रोड पर जाम लगा दिया। घटना शाम करीब सवा छह बजे की है। रोड जाम व घटना की सूचना पर नगरफोर्ट तहसीलदार और देवली SDM मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम खुलवाने के लिए ग्रामीणों से समझाइश की, लेकिन उन्होंने जाम हटाने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सवा छह बजे ड्राइवर विमल मीणा (26) पुत्र मोहन लाल मीणा ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरकर गुराई की ओर से बालागढ़ स्थित अपने घर आ रहा था। इस दौरान नगरफोर्ट की ओर से नगरफोर्ट थाने की 112 नंबर पुलिस गाड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास आकर रुकी और ड्राइवर को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। पुलिस जवानों ने विमल को ट्रैक्टर से नीचे उतारकर पुलिस गाड़ी में बैठा लिया। उसके बाद उसे बालागढ़ में उतार दिया। इस दौरान उसकी ट्रैक्टर- ट्रॉली को एक पुलिसकर्मी चलाकर नगरफोर्ट थाने ले जा रहा था। इस बीच बालागढ़ में ड्राइवर विमल ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवा रहा था, लेकिन पुलिसकर्मी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं रोका और सीधे उसके ऊपर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह देख पुलिसकर्मी ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले गया। ड्राइवर विमल मीणा की मौत होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। देवली के पूर्व प्रधान जगदीश जाट मौके पर मौजूद हैं। वहीं नगरफोर्ट तहसीलदार और देवली SDM मौके पर लोगों से समझाइश कर रहे हैं। इनपुट: अविनाश मीणा, घाड़।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/kgmUDIn
ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से ड्राइवर की मौत:ग्रामीणों का आरोप-पुलिसकर्मी ने रौंद डाला, शव को सड़क पर रखकर लगाया जाम
बुधवार, फ़रवरी 19, 2025
0
Tags


