पूर्व मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ रविवार को श्रीनाथजी मंदिर नाथद्वारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ श्रीजी प्रभु की राजभोग झांकी के दर्शन किए। दर्शन के बाद लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ का मंदिर परम्परानुसार उपरना ओढ़ाकर प्रसाद भेंट कर स्वागत किया गया। वही मेवाड़ ने भी तिलकायत पुत्र विशाल बावा को दण्डवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान वल्लभ कुल एवं मेवाड़ राजघराने के अपने ऐतिहासिक एवं प्रगाढ़ संबंधों को याद किया गया। गत 16 मार्च को पूर्व मेवाड़ राजपरिवार के अरविन्द सिंह मेवाड़ का निधन हो गया था। उसके बाद परम्परानुसार 2 अप्रैल को लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ का गद्दी उत्सव सम्पन्न हुआ। गद्दी उत्सव के बाद रविवार को पहली बार लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अपने परिवार के सदस्यों के साथ रामनवमी पर श्रीनाथजी मंदिर नाथद्वारा पहुंचे। इस दौरान मेवाड़ के साथ शाही लवाजमा साथ चल रहा था। वही मेवाड़ के मोतीमहल पहुंचने पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। रामनवमी की दी बधाई इस अवसर पर लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने सभी को रामनवमी की बधाई देते हुए कहा कि इस पावन पर्व पर श्रीनाथजी व विशाल बावा का आशीर्वाद मिलना ऐसा है जिसे शब्दों में बया नहीं किया जा सकता है। हमारी संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च पद दिया गया है और उन्हीं के चरणों में सृष्टि समाई हुई है तो गुरु को समर्पित हो ही आगे चलना चाहिए, हर नई शुरुआत गुरु के आशीर्वाद से ही करनी चाहिए। श्री सुदर्शन भगवान को इत्र-भोग सेवा की इस अवसर पर लाल छत महल में विशाल बावा ने लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के चीरा, फेंटा बांधकर व रजाई एवं उपरना ओढ़ाकर, प्रसाद भेंट कर समाधान किया। वही दीक्षिता बहू गोस्वामी ने निवृत्ति कुमारी मेवाड़ का समाधान किया व लाल बावा ने हरित राज मेवाड़ का समाधान किया व आराधिका बेटी ने मोहलाक्षिका कुमारी मेवाड़ व प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ का समाधान किया। बाद में मेवाड़ ने ध्वजा जी की छत पर परिवार सहित श्री सुदर्शन भगवान को इत्र-भोग सेवा की। इस अवसर पर श्रीनाथजी मंदिर के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, तिलकायत के मुख्य सलाहकार अंजन शाह, मंदिर पीआरओ गिरीश व्यास, सहित सिटी पैलेस उदयपुर के प्रमुख अधिकारियों में सुरक्षा प्रमुख कैप्टन सूरी, सचिव मयंक गुप्ता, जय कालिया सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/HBTyIDa
पूर्व मेवाड़ राजपरिवार सदस्य लक्ष्यराज सिंह पहुंचे श्रीनाथजी मंदिर:गद्दी दस्तूर के बाद पहली बार श्रीजी प्रभु के दर्शन कर तिलकायत से लिया आशीर्वाद
सोमवार, अप्रैल 07, 2025
0
Tags

