सवाई माधोपुर और दौसा जिले में पेयजल आपूर्ति की दृष्टि से महत्वपूर्ण बनेठा कस्बे के पास बनास नदी पर बन रहे (निर्माणाधीन) ईसरदा बांध का मंगलवार को कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना निर्माण कार्य, फिल्टर प्लांट साइट कार्यों के निरीक्षण के दौरान विभागीय अभियंताओं को कार्य प्रगति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भूमि आवंटन, पुनर्वास अवॉर्ड कार्य की पूर्णता को समयबद्ध सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। इस दौरान ईसरदा बांध के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र लुहाड़िया,अधिशाषी अभियंता सौरभ शर्मा, उपखंड अधिकारी उनियारा शत्रुघन गुर्जर, तहसीलदार प्रवीण सैनी, सहायक अभियंता अमित कुमार, बाबूलाल कुमावत, सौरभ सिंह समेत बांध निर्माण एजेंसी से संबंधित कार्मिक मौजूद रहे। दो चरणों में होगा निर्माण ईसरदा बांध बीसलपुर बांध के डाउन स्ट्रीम में ग्राम बनेठा (तहसील उनियारा) टोंक के पास बनास नदी पर बनाया जा रहा है। इसका निर्माण दो चरणों में किया जाना है। प्रथम चरण में डैम का निर्माण पूर्ण भराव स्तर 262 आरएल मीटर (भराव क्षमता 10.77 टीएमसी) तक पूर्ण किया जाएगा। इसमें पानी का भंडारण 256 आरएल मीटर भराव क्षमता 3.24 टीएमसी है। दूसरे चरण में बांध में पूर्ण भराव क्षमता 262 आरएल मीटर तक पानी संग्रहित हो सकेगा। एक हजार 256 गांवों और 6 शहरों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा आगामी मानसून के दौरान बांध में जल संग्रहित किया जा सकेगा। इसके बाद दौसा के 1 हजार 79 ग्राम और 5 शहरों तथा सवाई माधोपुर के 1 शहर तथा 177 गांवों में पेयजल की सुचारू आपूर्ति हो सकेगी। यह परियोजना जल संकट समाधान के साथ बीसलपुर बांध के अधिशेष पानी और बनास नदी के बारिश के जल का कुशल प्रबंधन भी सुनिश्चित करेगी। साथ ही, ईसरदा बांध से रामजल सेतु लिंक परियोजना (संशोधित पीकेसी-ईआरसीपी लिंक परियोजना) के तहत अन्य बांधों को पेयजल के लिए आपूर्ति हो सकेगी। बांध निर्माण कार्य की प्रगति बांध निर्माण में ओवरफ्लो वाले भाग में स्पिलवेय ब्रिज में स्लैब निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। अभी तक 28 के विरुद्ध 28 स्लैब डाली जा चुकी है। साथ ही, 28 पीयर्स के विरुद्ध 28 पियर्स वांछित ऊंचाई तक पूर्ण किए जा चुके है। बांध में 84 गर्डर के विरुद्ध 84 गर्डर लॉन्च किए गए है। बांध में 28 ब्लॉक एप्रेन के विरुद्ध 27 ब्लॉक एप्रेन का निर्माण किया जा चुका है। बांध में 28 पावर पैक रूम के विरुद्ध 28 पावर पैक रूम और 28 रेडियल गेट के विरुद्ध 28 रेडियल गेट का निर्माण हो गया है। बांध में 56 हाइड्रोलिक सिलेंडर के विरुद्ध 56 हाइड्रोलिक सिलेंडर भी लगाए जा चुके हैं। मुख्य बांध का कार्य लगभग 95 प्रतिशत से ज्यादा पूर्ण हो चुका है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/8kMD6X3
कलेक्टर ने किया ईसरदा बांध का निरीक्षण:दौसा और सवाई माधोपुर जिले के 1200 से ज्यादा गांवों को मिलेगा पानी
बुधवार, जुलाई 16, 2025
0
Tags

