जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान की जिला स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन सोमवार को जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने की। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया यह अभियान जनजातीय क्षेत्रों में उत्तरदायी शासन सुनिश्चित करने की राष्ट्रीय पहल है। इस अभियान के तहत देशभर के एक लाख जनजाति बहुल गांवों में प्रत्येक में 20 व्यक्तियों को आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी और आदि साथी के रूप में चुना जाएगा। जयपुर जिले में 10 ब्लॉक के 177 गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जुड़े 17 विभागों की 25 प्रमुख गतिविधियों का संचालन होगा। ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को आदि कर्मयोगी बनाया जाएगा। इनमें ग्रामसेवक, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पशुधन सहायक, प्रधानाध्यापक और अन्य विभागीय कर्मचारी शामिल हैं। गांव के युवा, अध्यापक, डॉक्टर, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नेतृत्व को आदि सहयोगी व आदि साथी बनाया जाएगा। अभियान के तहत स्थापित आदि सेवा केंद्रों में विभिन्न विभागों के अधिकारी सप्ताह में एक दिन ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे। कार्यशाला में ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/jyIZ7LJ
जयपुर के जनजातीय गांवों में विकास की नई पहल:आदि कर्मयोगी अभियान से 177 गांवों में होगा समग्र विकास, 17 विभागों की 25 योजनाएं होंगी लागू
मंगलवार, सितंबर 09, 2025
0
Tags

