बाड़मेर में भीषण गर्मी के बाद अब अचानक मौसम बदल गया है। शनिवार को सुबह से ही तेज आंधी का दौर शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। करीब 20-25 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चले इस अंधड़ से जनजीवन प्रभावित रहा। घर, दफ्तर, दुकानें सब जगह धूल की परतें जमा हो गई। आंधी से आसमान में छाई गर्द की वजह से धूप कमजोर रही, लेकिन उमस ज्यादा होने से लोग पसीने से तरबतर रहे। बाड़मेर में धूलभरी आंधी का दौर शुरू हो गया है। इससे तापमान मे गिरावट आई है। इससे शनिवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 40.7 और न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है, लेकिन गर्मी कम नहीं हो रही है। हवा के बावजूद नमी कम रहने से उमस से लोग बेहाल नजर आए। शनिवार को सुबह से देर रात तक आंधी चलती रही। इससे घरों के बंद कमरों, रसोई के बर्तनों, दफ्तरों की फाइलों और दुकानों के काउंटरों तक रेत जमी रही। घर की महिलाएं चाहे जितनी सफाई कर लें, चंद मिनटों में सब कुछ फिर से वही हाल हो गए। भास्कर एनालिसिस - नौतपा की शुरूआत हीट वेव से और खत्म आंधी से होगा नौतपा की शुरूआत हीट वेव से हुई। भीषण गर्मी की वजह से पारा 27 मई को पारा 45.1 डिग्री पहुंच गया था। 25 मई से नौतपा की शुरूआत हुई थी, 4 दिन तक हीट वेव के बाद 29 मई से आंधी का दौर शुरू हो गया। इससे तापमान में गिरावट शुरू हो गई। महज 3 दिन में 5 डिग्री तक पारा लुढ़क गया। 30 मई को अधिकतम पारा 40.7 डिग्री रहा। ऐसे तापमान भले ही गिरा हो, लेकिन उमस कम नहीं हुई, इससे लोगों को पसीने छूट रहे हैं। इस बार मई की शुरूआत भीषण गर्मी से हुई थी और अधिकतम पारा 48.3 डिग्री पहुंच गया था, जबकि इसके बाद मई के अंतिम दिन पारा कमजोर हुआ है। 15 मई के बाद अब तक अधिकतम पारा 45.1 डिग्री से ज्यादा नहीं गया। सुबह से शाम तक कई बार बिजली कटी बाड़मेर में सुबह से लेकर शाम तक 20 से ज्यादा बार बिजली कटौती हुई। आंधी की वजह से दिनभर बिजली की आंख मिचौली जारी रही। इससे शहर में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रीको एरिया से जुड़े बलदेव नगर, राजीव नगर, विष्णु कॉलोनी, राम नगर, शिव नगर सहित कई इलाकों में सुबह से लेकर शाम तक कई बार बिजली कटी। रीको और बलदेव नगर एरिया ज्यादा प्रभावित रहा। शुक्रवार रात को भी कई इलाकों में 3-4 घंटे तक बिजली बंद रही। वहीं जब सुबह उठे तो फिर से बिजली कट गई। सुबह 7 बजे, 8.11 बजे, 8.30 बजे, 10.55, 11.50, 2.10, 4.50, 5.03 बजे, 6.25 बजे बिजली कटी। कभी 5 मिनट तो कभी एक-डेढ़ घंटे तक बिजली बंद रही। आंधी के कारण झूलते तार स्पार्किंग होने से बिजली प्रभावित रही। मानसून: 30 जून तक आएगा मौसम विभाग के अनुसार मानसून अगले 7 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। हालांकि विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य से कमजोर रहने का अनुमान भी जताया है। आईएमडी के मुताबिक जून से सितंबर तक देश में औसतन सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इस बार मानसून सीजन में 78 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। देश में सामान्य मानसूनी बारिश का औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है। खासकर पश्चिमी राजस्थान में बारिश पर निर्भर खेती वाले इलाकों में मानसून कमजोर रह सकता है। राजस्थान में मानसून के 30 जून तक पहुंचने की संभावना है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/eADvkFQ
अचानक बदला मौसम:उमस ने रोकी राहत की रफ्तार, तीन दिन में 5 डिग्री लुढका पारा, फिर भी गर्मी का असर तेज
रविवार, मई 31, 2026
0
Tags

