जोधपुर की महानगर मजिस्ट्रेट संख्या-07 ने सरकारी अस्पताल में मरीज की कथित लापरवाही से हुई मौत मामले में एमडीएम अधीक्षक और संबंधित दोषी स्टाफ के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने शास्त्री नगर पुलिस को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। यह आदेश भगत की कोठी निवासी रेखा कंवर द्वारा दायर परिवाद पर दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 13 अगस्त को होगी। ये था पूरा मामला परिवाद के अनुसार- रेखा कंवर के पति पुष्पेंद्र सिंह को 4 फरवरी को एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर की सलाह पर उन्हें अस्पताल की दूसरी मंजिल स्थित आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां उनकी देखभाल की जिम्मेदारी अस्पताल स्टाफ की थी। 7 फरवरी की सुबह रेखा कुछ समय के लिए घर गईं। जब वह वापस लौटीं, तो उनके पति आईसीयू वार्ड में नहीं मिले। तलाश करने पर पुष्पेंद्र सिंह अस्पताल की सीढ़ियों के नीचे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर और नाक से ज्यादा खून बह रहा था। आरोप है कि मरीज आईसीयू से निकलकर करीब 60 सीढ़ियां नीचे गिर गया, लेकिन अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। परिवाद में कहा गया है कि यदि समय रहते मरीज पर निगरानी रखी जाती और सहायता मिलती, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा और मरीजों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवाद में आरोप- शिकायत नहीं सुनी गई परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद जब परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा, तो उनकी शिकायत सुनने के बजाय कथित रूप से उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। परिजनों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी गईं और मृतक का शव अस्पताल परिसर से बाहर सड़क पर रखवा दिया गया। परिजनों ने इस घटना के संबंध में शास्त्री नगर थाने और पुलिस आयुक्त को भी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने परिवाद और प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के बाद मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए पुलिस को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/l3EFdqI
आईसीयू से निकलकर मरीज 60 सीढ़ियां नीचे मिला था:अस्पताल की लापरवाही से मौत, कोर्ट ने जांच और FIR के दिए आदेश
बुधवार, जून 24, 2026
0

