जयपुर जिले के दादिया गांव में 17 जुलाई को सहकार एवं रोजगार उत्सव का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ, सहकारिता विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल और जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी मौजूद रहे। मंत्री दक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर आगंतुकों के लिए बैठने और पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। चाय-बिस्किट और छाछ का इंतजाम भी किया जाएगा। पार्किंग और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। आयोजन स्थल पर हेल्प डेस्क और कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। नेहरू सहकार भवन में 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। हर ब्लॉक में पानी के कैंपर रखे जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए पथ प्रदर्शक पट्ट लगाए जाएंगे। पार्किंग में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। बारिश को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पुलिस कमिश्नर जोसेफ ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी दी। सहकारिता विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में 40 स्टॉल्स लगाई जाएंगी, जिन पर सहकारी संस्थाओं के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने जिला प्रशासन के स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं से अवगत कराते हुए कहा कि कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/qjdVAsa
जयपुर में सहकार एवं रोजगार उत्सव की तैयारियां पूरी:17 को अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि, सहकारिता मंत्री दक ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा
बुधवार, जुलाई 16, 2025
0


