कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि बदलते समय के साथ केवल कृषि ही नहीं, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में बदलाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। आज के समय में विद्यार्थियों को केवल तकनीकी या व्यवसायिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण और राष्ट्र प्रेम व पर्यावरण चेतना से युक्त शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। वे गुरुवार को राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के संघटक एग्रीकल्चर महाविद्यालय डबोक के अत्याधुनिक सुविधाओं से 9 करोड़ की लागत से बने कृषि भवन का लोकार्पण करने के बाद संबोधित कर रहे थे। बतौर मुख्य अतिथि डा. किरोड़ी ने कहा- जिससे युवाओं में राष्ट्र सेवा - प्रेम के साथ-साथ प्रकृति - पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों में सकारात्मक विचारों को रूप दिया जा सके। इस दिशा में विद्यापीठ का प्रयास सराहनीय है। डॉ. मीणा ने विद्यार्थी वर्ग के लिए भावी जीवन में व्यवसायिक और आर्थिक रूप से सफलता के लिए अनुशासन को एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा- अनुशासन की पालना से जीवन को सही दिशा दी जा सकती है। केन्द्र एवं राज्य सरकार ने किसानों के लिए अनेकों कल्याणकारी योजनाएं जारी की गई हैं। जरूरत है इन योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने की। इस दिशा में संस्थान किसानों की पैरवी करें। डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा- आज गरीबों का खाना अमीर लोग पसंद करने लगे हैं। जब भी हम बड़ी होटलों में जाते है तो सबसे पहले स्वीट कॉर्न सूप परोसा जाता है। गरीब को दरिद्रनारायण मानकर सेवा करने की जरूरत है। पंक्ति में बैठे अंतिम वर्ग तक लाभ पहुंचे यह सोच हमारी होनी चाहिए। उसे बराबरी तक लाने का प्रयास करने की जरूरत है। डॉ. मीणा ने कहा- रासायनिक खाद के कारण हमारे खेत बंजर होते जा रहे है उर्वरा शक्ति कम होती जा रही है। खेतों से निकलने वाले अनाज से आम व्यक्ति किसी ने किसी रोग से ग्रसित हो रहा है। देश महामारी का शिकार होते जा रहा है। कृषि उत्पादन के लिए रासायनिक उर्वरकों और रसायनों पर कृषि की बढ़ती निर्भरता के परिणाम स्वरूप फसलों की गुणवत्ता - पौष्टिकता और भूमि की उर्वरक क्षमता में आई कमी आई है। इससे निजात पाने के लिए कृषि के क्षेत्र में व्यापक रूप से काम करने की आवश्यकता है। इसमें प्राकृतिक कृषि बायो एग्रीकल्चर कार्बनिक कृषि प्रमुख विकल्प है। अतिथियों का स्वागत करते हुए कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने कहा- विद्यापीठ का उद्देश्य परंपरागत भारतीय कृषि प्रणाली को आधुनिक तकनीकी नवाचारों के साथ समन्वित कर आदर्श कृषि शिक्षा का मॉडल विकसित करना है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विद्यार्थियों तक पहुंचा कर कृषि के सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र में मानवीय संसाधनों को तैयार करने की कोशिश विद्यापीठ की ओर से की जा रही है। अध्यक्षता करते हुए कुलाधिपति और कुल प्रमुख भंवर लाल गुर्जर ने कहा- भूमि की गुणवत्ता समाप्त होती जा रही है। इस समस्या के समाधान के रूप में उन्होंने ऑर्गेनिक कृषि एवं परंपरागत कृषि को अपनाने पर विचार रखें। साथ ही उन्होंने ऑर्गेनिक कृषि एवं इसके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध करवाने की भी बात कही। ताकि इस क्षेत्र में उत्पादित होने वाली फसलों को आमजन के पहुंच में लाया जा सके। समारोह में अतिथियों द्वारा बीएड महाविद्यालय प्रकाशित शांति, विचार एवं क्रिया पुस्तक व कृषि विवरणिका का विमोचन किया। डॉ. मीणा ने संस्थान परिसर में बने म्यूजियम व लैब का भी अवलोकन किया। इस मौके पर समाजसेवी मूलचंद सोनी, पीठ स्थविर डॉ. कौशल नागदा, रजिस्ट्रार डॉ. तरूण श्रीमाली, विद्या प्रचारिणी सभा भूपाल नोबल्स संस्थान के मंत्री प्रो. महेन्द्र सिंह आगरिया, प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह रूपाखेड़ी, डॉ. युवराज सिंह राठौड़, परीक्षा नियंत्रक डॉ. पारस जैन, समाजसेवी नाना वया, ललित तलेसरा, सुखाडिया विवि पूर्व अध्यक्ष मयुरध्वज सिंह आदि मौजूद थे।
from राजस्थान | दैनिक भास्कर https://ift.tt/tfXi7H3
किरोड़ी बोले- सभी क्षेत्रों में बदलाव दिख रहा:स्टूडेंट्स को राष्ट्र प्रेम व पर्यावरण चेतना से युक्त शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक
शुक्रवार, अगस्त 08, 2025
0
Tags


